हाइट बैरियर से टकराया ओवरहाइट बोरिंग ट्रक! जमुई रेलवे स्टेशन के पास हादसा टला, स्कूटी चालक बाल-बाल बचा
जमुई रेलवे स्टेशन के पास एक ओवरहाइट बोरिंग ट्रक ने ऊंचाई बैरियर को टक्कर मार दी, जिससे एक बड़ा रेल ...और पढ़ें

जमुई रेलवे स्टेशन के समीप बोरिंग ट्रक की जोरदार टक्कर से नीचे गिरा दुर्घटनाग्रस्त रेलवे हाइट बैरियर
HighLights
ओवरहाइट बोरिंग ट्रक ने जमुई रेलवे फाटक पर बैरियर तोड़ा।
बड़ा रेल व सड़क हादसा टला, स्कूटी चालक बाल-बाल बचा।
आरपीएफ ने ट्रक व चालक को हिरासत में लिया, कानूनी कार्रवाई शुरू।
संवाद सूत्र, बरहट (जमुई)। जमुई रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे फाटक पर बुधवार को एक बड़ा रेल व सड़क हादसा होते-होते बाल-बाल टल गया। रेलवे सुरक्षा मानकों के तहत ओवरहाइट वाहनों को रोकने के लिए लगाए गए ऊंचाई बैरियर (हाइट गेज) में एक अनियंत्रित बोरिंग ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विशालकाय लोहे का बैरियर क्षतिग्रस्त होकर सीधे सड़क पर आ गिरा। दुर्घटना के ठीक समय वहां से गुजर रहा एक स्कूटी चालक बाल-बाल बचा। गनीमत यह रही कि उस दौरान रेलवे फाटक खुला हुआ था,
यदि फाटक बंद होता और गाड़ियों की कतार लगी होती तो कई जानें जा सकती थीं। घटना के बाद स्टेशन परिसर व आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीर सहम गए।
जमुई रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार को अनियंत्रित ओवरहाइट बोरिंग ट्रक ने रेलवे सुरक्षा बैरियर (हाइट गेज) में मारी जोरदार टक्कर
टक्कर के बाद भारी-भरकम बैरियर टूटकर नीचे गिरा, उसी वक्त वहां से गुजर रहा स्कूटी सवार बाल-बाल बचा
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ एसआई अशोक कुमार सिंह की टीम ने ट्रक और चालक को लिया पुलिस कस्टडी में
रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज; देर शाम से दुर्घटनाग्रस्त हाइट बैरियर को दोबारा स्थापित करने का काम शुरू
केबिन में सुनाई दी तेज आवाज, गेटमैन की सूचना पर पहुंची आरपीएफ टीम
घटना के संबंध में ड्यूटी पर तैनात रेलवे गेटमैन छोटंकी कुमार ने बताया कि वे अपने केबिन में काम कर रहे थे, तभी अचानक जोर का धमाका सुनाई दिया। बाहर निकलकर देखा तो अत्यधिक ऊंचाई वाला बोरिंग ट्रक बैरियर को तोड़ते हुए खड़ा था और लोहे का बैरियर सड़क पर गिरा पड़ा था।
उन्होंने तुरंत ट्रक को साइड करवाया और मामले की जानकारी जमुई स्टेशन प्रबंधक को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ के उपनिरीक्षक (एसआई) अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक व उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया।
रेल अधिनियम के तहत ट्रक जब्त, देर शाम क्षतिग्रस्त बैरियर लगाने का कार्य शुरू
आरपीएफ एसआई अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बोरिंग मशीन लदे ट्रक की ऊंचाई निर्धारित मानक से अधिक थी, जिसके कारण वह रेलवे सुरक्षा के लिए लगाए गए हाइट गेज से टकरा गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के विरुद्ध रेल अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन आरपीएफ और रेलवे के तकनीशियनों द्वारा देर शाम क्षतिग्रस्त बैरियर को दोबारा लगाने और स्थिति सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
"अत्यधिक ऊंचाई वाले बोरिंग ट्रक द्वारा रेलवे सुरक्षा मानकों के तहत लगाए गए हाइट गेज को टक्कर मारे जाने से बैरियर क्षतिग्रस्त हुआ है। ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ रेल अधिनियम की धाराओं में आगे की कार्रवाई की जा रही है। क्षतिग्रस्त बैरियर को दुरुस्त करने का काम शुरू करा दिया गया है।"
