नकली तेल का 'काला खेल'! जमुई में चल रही थी मिलावटी पेट्रोल-डीजल की 'फैक्ट्री', 4 पर FIR दर्ज
पुलिस ने जमुई के गादी गांव में अवैध मिलावटी पेट्रोल-डीजल बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में ...और पढ़ें

जमुई में चल रही थी मिलावटी पेट्रोल-डीजल की 'फैक्ट्री', 4 पर FIR दर्ज
HighLights
जमुई में अवैध मिलावटी पेट्रोल-डीजल बनाने का भंडाफोड़।
पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
भारी मात्रा में मिलावटी ईंधन और उपकरण जब्त किए गए।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के आदेश पर चकाई एवं चिहरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए परांची पंचायत के गादी में अवैध रूप से मिलावटी पेट्रोल-डीजल बनाए जाने का भंडाफोड़ किया है।
इस मामले में चकाई थाना में चार लोगों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया। बताया जाता है कि स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पुलिस अधीक्षक को इलाके में अवैध रूप से डीजल व पेट्रोल कारोबार के बारे में सूचना दी गई थी। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार तथा चिहरा थानाध्यक्ष रिंकू रजक के नेतृत्व में गादी गांव में छापामारी की गई। छापामारी के दौरान चार अलग-अलग घरों से कुल 14 ड्रम एवं 2 जार बरामद किए गए।
बरामद सामग्री में 220 लीटर क्षमता वाले 9 ड्रम एवं 60-40 लीटर के 2 जार में मिलावटी पेट्रोल, 3 ड्रम में मिलावटी डीजल तथा 2 ड्रम में थिनर पाया गया। पूछताछ में ग्रामीणों ने घर के स्वामियों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। बाद में गांव के चौकीदार शंकर हजाम के सहयोग से घरों की पहचान की गई।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी सॉल्वेंट मिलाकर पेट्रोल-डीजल में मिलावट कर उसे अधिक दामों पर बेचने का अवैध कारोबार कर रहे थे। यह कृत्य मोटर स्प्रिट एवं हाई स्पीड डीजल नियंत्रण आदेश-2005 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 का खुला उल्लंघन है।
इस संबंध में करण राय पिता विभाधर राय उर्फ भीम राय, शंकर राय पिता टिको राय, पवन राय पिता रामधन राय एवं नवीन राय पिता वासुकी राय, सभी निवासी ग्राम गादी, थाना चकाई के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी ड्रम एवं जारों को सील कर जब्त कर लिया है।
साक्ष्य के रूप में 16 नमूना बोतलें एवं घटना की वीडियोग्राफी का पेन ड्राइव भी जब्त किया गया है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से डीजल पेट्रोल का कारोबार करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है।
