दस हजार घूस लेते खैरा सीआइ को निगरानी ने दबोचा
जमुई। निगरानी की टीम ने गुरुवार को दाखिल-खारिज के नाम पर दस हजार रुपये घूस लेते खैरा अंचल निरीक्षक नजीम अख्तर को रंगे हाथों दबोच लिया।
जमुई। निगरानी की टीम ने गुरुवार को दाखिल-खारिज के नाम पर दस हजार रुपये घूस लेते खैरा अंचल निरीक्षक नजीम अख्तर को रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद अंचल निरीक्षक को टीम अपने साथ पटना ले गई। गिरफ्तारी खैरा बाजार स्थित सीआइ के आवासीय कार्यालय से तब हुई जब वह रायपुरा निवासी नवीन कुमार यादव से दाखिल-खारिज के नाम पर रुपये ले रहा था।
पटना से आई निगरानी की टीम का नेतृत्व डीएसपी एसके मौजार कर रहे थे। जबकि टीम में राजेन्द्र प्रसाद, विद्यांचल प्रसाद, एमके जायसवाल तथा प्रेम कुमार चौहान शामिल थे। डीएसपी ने जमुई परिसदन में बताया कि भू-स्वामी नवीन कुमार यादव द्वारा दाखिल-खारिज के नाम पर घूस मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी आलोक में टीम जांच पड़ताल के लिए बुधवार से ही खैरा आई हुई थी। आरोप सत्यापित होते ही टीम ने अंचल निरीक्षक को रंगेहाथ दबोचने की बिसात बिछानी शुरु कर दी। नतीजा टीम के मनोनुकुल सामने आया और गुरुवार को अंचल निरीक्षक को दस हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार कर लिया गया। निगरानी की 9 सदस्यीय टीम दो वाहनों पर सवार होकर आई थी।
----
शेखपुरा का रहने वाला है अंचल निरीक्षक :
गिरफ्तार अंचल निरीक्षक नजीम अख्तर शेखपुरा जिला के रहने वाला है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निगरानी की टीम उनके गांव स्थित पैतृक निवास की भी जांच-पड़ताल करेगी। इधर, अंचल निरीक्षक की गिरफ्तारी की चर्चा खैरा इलाके में आग की तरह फैल गई। चर्चा है कि नजीम अख्तर दाखिल-खारिज सहित अन्य कार्य के नाम पर लोगों से पैसा खूब वसूलता था। कई लोग इसके कारनामे से तबाह थे।
-----
गिरफ्तारी के दौरान हुई धक्का-मुक्की :
निगरानी के एक अधिकारी ने बताया कि जब वे लोग अंचल निरीक्षक नजीम अख्तर को गिरफ्तार करने उसके आवासीय कार्यालय पर पहुंचे तो वे अधिकारियों से धक्का-मुक्की करने लगे। हालांकि बाद में धावा दल के पुलिसकर्मियों ने उन्हें धर-दबोचा।