धूमधाम से निकाली गई फागन मेलो की निशान शोभायात्रा
जमुई। श्री श्याम मंदिर द्वारा फागन मेलो की निशान शोभा यात्रा रविवार को धूमधाम से निकाली गई।
जमुई। श्री श्याम मंदिर द्वारा फागन मेलो की निशान शोभा यात्रा रविवार को धूमधाम से निकाली गई। अग्रवाल पंचायत भवन से शुरू हुई शोभा यात्रा में कोलकाता से आए भजन कलाकारों ने जब आयो फागन मेलो, बाबो मार हेलो, झाझा धाम चलो, भगता न संग ले लो की प्रस्तुति की तो भक्तों को निशान यात्रा में तय की गई दूरी का एहसास नहीं हुआ। कलाकार संजय जालान ने बाबा आयो तेरो दास, रखले चरणा के पास भजन प्रस्तुत कर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। माथे पर चंदन का तिलक, गले में श्याम का दुपट्टा एवं हाथ में रंग-बिरंगे निशान लिए भक्त जयकारा लगाते हुए झाझा बाजार, राजारंक चौक, बजरंग चौक, गांधी चौक होते हुए श्याम मंदिर पहुंचे। मंदिर में निशान अर्पण कराने के उपरांत निशान यात्रियों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। निशान यात्रियों के लिए शहर में कई जगहों पर पानी, नींबू, शरबत आदि की व्यवस्था की गई थी। शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन भी सजग दिखी। निशान यात्रा के पूर्व नगर पंचायत द्वारा प्रस्तावित मार्गों की सफाई की गई थी। विदित हो कि खाटू धाम की उपराजधानी की ख्याति प्राप्त झाझा स्थित श्री श्याम मंदिर में फागन मेलो के दौरान देश के कोने-कोने से भक्त अपनी हाजिरी लगाने पहुंचते हैं। निशान यात्रा के दौरान फूलों की हो रही वर्षा आकर्षण का केन्द्र बना रहा। इस अवसर पर संजय बंका, ललित जलान, अशोक खंडेवाल, अजय छापड़िया, दीपक शर्मा, नगर अध्यक्ष पिकी देवी, जिला चैम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष अरूण बोहरा, पूर्व नगर अध्यक्ष संजय सिन्हा, संजय जलान, विपिन साव, कमल डालमियां, अरूण बंका, सीताराम पोद्दार, इतू झा आदि साथ चल रहे थे।