जमुई के सोनो में मानसिक रूप से बीमार युवक ने चाकू से रेता अपना गला; सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर
जमुई के सोनो थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक सत्यम कुमार ने चाकू से अपना ...और पढ़ें

औरैया गांव में धर्मेंद्र शर्मा के बेटे सत्यम कुमार ने उठाया आत्मघाती कदम; परिजनों ने तुरंत छीना चाकू
HighLights
जमुई के सोनो में युवक ने चाकू से गला रेता।
मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया।
गंभीर हालत में पटना रेफर, स्थिति नाजुक बनी हुई है।
संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत औरैया गांव में रविवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां मानसिक रूप से अस्वस्थ 20 वर्षीय युवक सत्यम कुमार ने आत्महत्या करने की नीयत से चाकू से अपना ही गला रेत लिया। गला गंभीर रूप से कट जाने के कारण युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनो ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे देर रात जमुई सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने युवक की नाजुक स्थिति और अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा के उपरांत बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटना रेफर कर दिया।
डेढ़ साल से चल रहा रांची से इलाज, एक माह से बंद थी दवा
पीड़ित पिता धर्मेंद्र शर्मा ने रुंधे गले से बताया कि उनका पुत्र सत्यम कुमार पिछले करीब डेढ़ वर्षों से गंभीर मानसिक बीमारी (अवसाद व अनिद्रा) से जूझ रहा है। उसका नियमित इलाज रांची स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान से चल रहा था।
उन्होंने बताया कि वह कभी एकदम सामान्य और शांत रहता था, तो कभी अचानक अजीबोगरीब हरकतें करने लगता था। वह दिनभर मोबाइल फोन पर धार्मिक प्रवचन और वीडियो सुनता रहता था। उसकी दिमागी हालत को देखते हुए परिवार का कोई न कोई सदस्य हमेशा उस पर नजर रखता था। पिता के अनुसार, पिछले एक महीने से उसने अपनी मानसिक बीमारी की दवाइयां खाना छोड़ दिया था, हालांकि उसका व्यवहार पिछले कुछ दिनों से सामान्य ही दिख रहा था।
पहले भी घर छोड़कर भाग चुका था पटना, नजर पड़ते ही छीना चाकू
परिजनों ने बताया कि इससे पूर्व भी मानसिक संतुलन बिगड़ने के कारण सत्यम बिना बताए घर से भाग गया था, जिसे परिजनों ने मोबाइल लोकेशन और पुलिस की मदद से पटना से सकुशल बरामद कर घर लाया था।
रविवार की देर रात परिवार के सभी लोग घर के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक कमरे के अंदर सत्यम ने सब्जी काटने वाला धारदार चाकू उठाया और बेरहमी से अपने ही गले पर वार कर दिया। जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी, उसका गला काफी कट चुका था और खून की धार बहने लगी थी। परिजनों ने दौड़कर उसके हाथ से चाकू छीना और खून रोकने का प्रयास करते हुए सीधे अस्पताल की ओर भागे।
गले की नस कटने की आशंका, स्थिति बनी हुई है नाजुक]
सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि धारदार हथियार से गला कटने के कारण युवक का काफी खून बह चुका है। गले के भीतरी हिस्से और सांस की नली के पास गहरी चोट होने की आशंका है। प्रारंभिक तौर पर टांके लगाकर और ड्रेसिंग कर रक्तस्राव को नियंत्रित करने की कोशिश की गई है, लेकिन स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर पटना रेफर किया गया है। वर्तमान में युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
