जमुई में जून तिमाही तक साख योजना में मात्र 15% उपलब्धि, CD रेशियो में भी राज्य के औसत से पिछड़ा जिला; DM हुए नाराज
Jamui CD Ratio & ACP Review: जमुई जिले में बैंकों की कार्यप्रणाली सुस्त है, वार्षिक साख योजना में मात्र 14.91% ...और पढ़ें

Jamui CD Ratio & ACP Review: जमुई समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं समीक्षा समिति (DLCC) की बैठक की अध्यक्षता करते जिलाधिकारी नवीन
HighLights
जमुई में वार्षिक साख योजना की उपलब्धि 14.91% रही।
जिले का सीडी रेशियो राज्य औसत से काफी कम (48.54%)।
डीएम ने ऋण वितरण और वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui CD Ratio & ACP Review: जिले की अर्थव्यवस्था को गति देने और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में बैंकों की कार्यप्रणाली और ऋण वितरण की गति अभी भी बेहद सुस्त बनी हुई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली (जून) तिमाही समाप्त होने के बावजूद वार्षिक साख योजना (ACP) के लक्ष्य के विरुद्ध जिले की कुल उपलब्धि महज 14.91 प्रतिशत ही दर्ज की गई है।
इसके अलावा जिले का साख-जमा अनुपात (CD Ratio) भी राज्य के औसत से काफी पीछे चल रहा है। यह चिंताजनक तस्वीर सोमवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिलाधिकारी नवीन की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं समीक्षा समिति (DLCC) की बैठक में उभरकर सामने आई।
बैठक में वार्षिक साख योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), साख-जमा अनुपात, ऋण वसूली तथा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित कल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि जमुई का वर्तमान साख-जमा अनुपात 48.54 प्रतिशत है, जबकि बिहार का औसत 56.9 प्रतिशत है।
- अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने में पिछड़े बैंक: जमुई का CD रेशियो सिर्फ 48.54%, DM ने शाखा प्रबंधकों को दिए जरूरतमंदों तक तेजी से लोन पहुंचाने के कड़े निर्देश
वित्तीय वर्ष 2026-27 की जून तिमाही तक वार्षिक साख योजना (ACP) के लक्ष्य के विरुद्ध जमुई की उपलब्धि महज 14.91 प्रतिशत रही
जिले का साख-जमा अनुपात (CD Ratio) 48.54%, जो राज्य के औसत (56.9%) से 8.36% कम; पिछली तिमाही से केवल 0.58% की मामूली बढ़ोतरी
समाहरणालय में DLCC की बैठक में डीएम नवीन ने बैंकों की धीमी प्रगति पर जताई चिंता, सरकारी योजनाओं में ऋण वितरण तेज करने का दिया अल्टीमेटम
पीएम सूर्य घर योजना, KCC, पीएमएफएमई और आरसेटी प्रशिक्षित युवाओं के लोन आवेदनों को बिना देरी स्वीकृत करने का निर्देश
पिछली तिमाही की तुलना में इसमें मात्र 0.58 प्रतिशत की मामूली वृद्धि हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताते हुए सभी बैंक समन्वयकों और शाखा प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और सरकार प्रायोजित योजनाओं में सक्रियता दिखाते हुए पात्र व जरूरतमंद लोगों तक समय पर ऋण पहुंचाएं, ताकि जिले के सीडी रेशियो को राज्य व राष्ट्रीय औसत के समकक्ष लाया जा सके।
स्वरोजगार, पीएम सूर्य घर और गव्य विकास योजनाओं के निष्पादन में तेजी का टास्क
बैठक की शुरुआत बैंकिंग कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी सह जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मितेश शांडिल्य द्वारा पिछली बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन की प्रस्तुति से हुई। बैठक में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) और समग्र गव्य विकास योजना के तहत विभिन्न बैंक शाखाओं में लंबित पड़े आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर बल दिया गया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर विशेष चर्चा की गई। योजना के तहत अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराने हेतु विद्युत विभाग के कनीय अभियंताओं को बैंकों के साथ समन्वय बनाकर नए आवेदन भेजने का निर्देश दिया गया।
वहीं, ग्रामीण स्व-रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) से प्रशिक्षित युवाओं को अपना उद्यम शुरू करने के लिए समय पर ऋण उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया गया, ताकि स्वरोजगार की राह में पूंजी की बाधा न आए।
नीलाम-पत्र वादों का मासिक मिलान और वसूली तेज करने के निर्देश
ऋण वसूली और लंबित नीलाम-पत्र वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक माह कम से कम दो दिन रजिस्टर संख्या 09 एवं 10 का मिलान अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। इसके अलावा संबंधित नीलाम-पत्र पदाधिकारियों को बकायेदारों से वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC) शिप्रा विजय कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता (ADM) रविकांत सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) सुनील कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) सुजीत कुमार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के एलडीओ, नाबार्ड के डीडीएम, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) सहित विभिन्न सरकारी व निजी बैंकों के शाखा प्रबंधक और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
