विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई स्वास्थ्य विभाग में डिजिटल हाजिरी लागू, दिन 3 बार वॉट्सएप पर देनी होगी लाइव लोकेशन

Published: Sun, 10 May 2026 03:42 PM (IST)

जमुई स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 11 मई से नई डिजिटल हाजिरी व्यवस्था लागू की है।

AI Generated Image

AI Generated Image

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, सोनो (जमुई)। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अब तकनीक का सख्त सहारा लिया है। अस्पतालों से गायब रहने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों पर नकेल कसने के लिए जिला स्वास्थ्य समिति ने नई डिजिटल उपस्थिति व्यवस्था लागू कर दी है।

अब जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात डाक्टरों और कर्मियों को प्रतिदिन तीन बार व्हाट्सएप ग्रुप पर अपनी लाइव लोकेशन भेजकर हाजिरी दर्ज करनी होगी।

सिविल सर्जन सह सदस्य सचिव, जिला स्वास्थ्य समिति जमुई द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नई व्यवस्था आज 11 मई से जिलेभर में प्रभावी होगी। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देश पर लागू की जा रही इस प्रणाली का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।

आदेश के तहत स्वास्थ्य कर्मियों को ड्यूटी शुरू होने, ड्यूटी के मध्य समय तथा शाम में ड्यूटी समाप्ति के वक्त अपनी लाइव लोकेशन साझा करनी होगी। इसके लिए प्रखंड स्तर पर विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे, जिनकी निगरानी जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक करेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

दैनिक अनुश्रवण में अनुपस्थित पाए जाने या लोकेशन साझा नहीं करने वाले कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई तय मानी जाएगी।

इतना ही नहीं, अब स्वास्थ्य कर्मियों को प्रतिदिन किए गए कार्यों की रिपोर्ट भी अगले दिन सुबह 11 बजे तक हस्ताक्षरित प्रति के साथ जिला कार्यालय भेजनी होगी।नई व्यवस्था लागू होने से स्वास्थ्य महकमे में हलचल तेज हो गई है। वहीं आम लोगों को उम्मीद जगी है कि अब सरकारी अस्पतालों में डाक्टर और कर्मी समय पर उपलब्ध रहेंगे।