मोबाइल छीनने का विरोध किया तो बदमाशों ने मारी गोली! जमुई में फेरीवाले की पीठ में फंसी गोली, हालत गंभीर
जमुई के कुंदरी गांव में बाइक सवार बदमाशों ने एक फेरीवाले से मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर ...और पढ़ें

जमुई सदर अस्पताल में भर्ती गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बंगाल निवासी फेरीवाला माडू
HighLights
जमुई में फेरीवाले से मोबाइल छीनने का प्रयास।
विरोध करने पर बदमाशों ने पीठ में गोली मारी।
घायल युवक अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर।
संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई जिले में बेखौफ अपराधियों के बुलंद हौसले और आपराधिक वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार की दोपहर टाउन थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने गांव-गांव घूमकर प्लास्टिक का सामान बेचने वाले एक फेरीवाले युवक से मोबाइल छीनने का प्रयास किया।
जमुई टाउन थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव में बुधवार दोपहर बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने फेरीवाले युवक को बनाया निशाना
प्लास्टिक सामान बेच रहे युवक से मोबाइल छीनने का किया प्रयास; विरोध करने पर पीठ में मार दी गोली, हालत गंभीर
घायल युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी रफीक के पुत्र माडू के रूप में हुई; सदर अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने दर्ज किया फर्द बयान; अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी में जुटी टीम
जब युवक ने मोबाइल देने से इंकार करते हुए इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उसे लक्ष्य कर पीछे से गोली चला दी और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से उसे ई-रिक्शा के जरिए जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
एक्सरे जांच में पीठ में गोली फंसी होने की पुष्टि, गंभीर हालत में चल रहा इलाज
सदर अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा की गई एक्सरे जांच में पता चला कि गोली युवक की पीठ में फंसी हुई है। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद गहन निगरानी में रखा गया है। घायल युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिला निवासी रफीक के पुत्र माडू के रूप में हुई है।
घटना की खबर मिलते ही टाउन थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल का फर्द बयान दर्ज किया। इस वारदात के बाद से गांव-गांव घूमकर अपनी रोजी-रोटी कमाने वाले बाहरी फेरीवालों के बीच भारी दहशत और भय का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्लास्टिक का सामान बेचने निकला था माडू, पुलिस खंगाल रही अपराधियों के सुराग
घायल के सहयोगियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल से आए लगभग आठ से दस लोग जमुई के महिसौड़ी में किराए का मकान लेकर रहते हैं और आसपास के ग्रामीण इलाकों में घूम-घूमकर प्लास्टिक के सामान बेचते हैं। बुधवार को भी माडू अमरथ, संगथु और हरला होते हुए कुंदरी गांव पहुंचा था, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस ने कुंदरी गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और चश्मदीदों से पूछताछ की है। जमुई पुलिस का कहना है कि बाइक सवार अपराधियों का सुराग जुटाने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
