विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रिक्स और गांधीनगर सचिवालय को उड़ाने की धमकी में पकड़ाया जमुई का गुलशन, पिता बोले- ईमेल हैक कर फंसाया

Published: Sun, 13 Sep 2026 11:16 PM (IST)

Jamui Gulshan Chauhan Gujarat Police Arrest: गुजरात पुलिस ने जमुई के गुलशन चौहान को दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन और गांधीनगर ...और पढ़ें

Jamui Gulshan Chauhan Gujarat Police Arrest:  सचिवालय उड़ाने की धमकी में जमुई का युवक गिरफ्तार! देवघर से गुजरात पुलिस ने दबोचा, पिता बोले- ईमेल हैक कर फंसाया

Jamui Gulshan Chauhan Gujarat Police Arrest:  सचिवालय उड़ाने की धमकी में जमुई का युवक गिरफ्तार! देवघर से गुजरात पुलिस ने दबोचा, पिता बोले- ईमेल हैक कर फंसाया

HighLights

  1. जमुई के गुलशन चौहान को गुजरात पुलिस ने देवघर से किया गिरफ्तार।

  2. दिल्ली ब्रिक्स सम्मेलन और गांधीनगर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।

  3. पिता ने बेटे को निर्दोष बताया, ईमेल हैक होने का दावा किया।

संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Gulshan Chauhan Gujarat Police Arrest:  देश की राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन और गुजरात के गांधीनगर स्थित राज्य सचिवालय को बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी देने के मामले में गुजरात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुजरात पुलिस की विशेष टीम ने झारखंड के देवघर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाढ़ी रोड बावनबीघा में दबिश देकर जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के टीहिया गांव निवासी गुलशन चौहान को गिरफ्तार किया है।

इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद गुलशन के परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, आरोपी के पिता कौशल सिंह ने अपने बेटे को पूरी तरह निर्दोष बताते हुए दावा किया है कि गुलशन का ईमेल आईडी हैक कर उसे एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया गया है।

गुलशन के पिता कौशल सिंह के अनुसार, उनका बेटा देवघर में रहकर एक निजी नौकरी करता है और काम के सिलसिले में उसका गांव आना-जाना लगा रहता था। पिता ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेटे की गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना उन्हें पुलिस द्वारा नहीं दी गई, बल्कि घटना के करीब दो दिन बाद गांव के ही एक परिचित से उन्हें इसकी जानकारी मिली।

उन्होंने कहा कि परिवार को अब तक मामले की स्पष्ट धाराओं और गिरफ्तारी के तकनीकी आधारों से अवगत नहीं कराया गया है। पिता ने भावुक होते हुए कहा कि उनका बेटा सीधा-सादा है और वह इस तरह का कोई देशविरोधी या आपराधिक कदम उठाने की सोच भी नहीं सकता। पीड़ित परिवार ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ईमेल से दी गई थी धमकी, फोन बैटरी से धमाके का था दावा

जांच से जुड़े आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन और गांधीनगर स्थित गुजरात सचिवालय को दहलाने की धमकी एक गोपनीय ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। ईमेल में सुरक्षा एजेंसियों को चुनौती देते हुए यह उल्लेख किया गया था कि विस्फोट के लिए आईफोन और एंड्रॉयड स्मार्टफोन की बैटरियों से बने विशेष डिवाइस का इस्तेमाल किया जाएगा। ईमेल मिलते ही राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां और गुजरात पुलिस अलर्ट मोड में आ गईं और तत्काल अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की गई।

  • दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन और गुजरात के गांधीनगर सचिवालय को बम से उड़ाने की ईमेल धमकी में जमुई का युवक गिरफ्तार

  • गुजरात पुलिस ने झारखंड के देवघर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाढ़ी रोड बावनबीघा से जमुई के खैरा निवासी गुलशन चौहान को किया गिरफ्तार

  • पिता कौशल सिंह ने बेटे को बताया पूरी तरह निर्दोष; आरोप लगाया कि गुलशन का ईमेल आईडी हैक कर रची गई फंसाने की साजिश

  • धमकी भरे ईमेल में आईफोन और एंड्रॉयड फोन की बैटरियों से विस्फोट की थी बात; आईपी एड्रेस और तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस

जांच के क्रम में गुजरात पुलिस ने सबसे पहले गुजरात से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। उससे हुई कड़ी पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के दौरान सामने आए डिजिटल सुरागों के आधार पर पुलिस टीम झारखंड के देवघर पहुंची, जहां स्थानीय नगर थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर गुलशन चौहान को दबोच लिया गया।

आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट की जांच अहम

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां और साइबर सेल की तकनीकी टीम मामले की गहन तफ्तीश में जुटी हैं। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित धमकी भरा ईमेल किस डिवाइस (लैपटॉप या मोबाइल) और किस इंटरनेट प्रोटोकॉल (आईपी) एड्रेस से भेजा गया था। साथ ही उस ईमेल अकाउंट के लॉगिन हिस्ट्री, लोकेशन डेटा और उसमें गुलशन की वास्तविक भूमिका की सूक्ष्मता से पड़ताल की जा रही है। पिता द्वारा लगाए गए ईमेल हैकिंग के दावों में कितनी सच्चाई है, यह साइबर फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगा।