काशी की तर्ज पर जमुई में भव्य गंगा आरती, नवरात्र पर खैरा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 9 दिनों तक गूंजेंगे मंत्र
जमुई के खैरा में शारदीय नवरात्र के अवसर पर काशी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का शुभारंभ हुआ। यह ...और पढ़ें

जमुई के खैरा में शारदीय नवरात्र पर भव्य गंगा आरती का शुभारंभ; काशी के पुरोहितों ने कराया पूजन, पूर्व मंत्री सुमित सिंह ने किया उद्घाटन
HighLights
खैरा में शारदीय नवरात्र पर भव्य गंगा आरती शुरू।
काशी के विद्वान पुरोहितों ने वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया।
नौ दिनों तक चलेगा यह आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन।
संवाद सहयोगी, खैरा (जमुई)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार को जमुई जिले के खैरा में आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतिपदा तिथि की देर शाम मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की आराधना के साथ ही यहां काशी (वाराणसी) की तर्ज पर भव्य व दिव्य गंगा आरती की शुरुआत की गई।
सैकड़ों दीपों की जगमगाहट, शंखनाद, घंटियों की मधुर गूंज और वेदपाठी ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। गंगा आरती के इस अनूठे आयोजन ने क्षेत्र में नवरात्र के उत्सवी वातावरण को और अधिक अलौकिक बना दिया।
धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
-1791786342022.webp)
काशी के विद्वान पुरोहितों ने संपन्न कराया वैदिक अनुष्ठान
महाआरती के लिए विशेष रूप से काशी (बनारस) से विद्वान पुरोहितों को आमंत्रित किया गया था। पीतांबरी वस्त्रों में सुसज्जित पुरोहितों ने गंगा पूजन के साथ आरती की शुरुआत की। जैसे ही पुरोहितों ने भारी पीतल के दीपदान उठाए और शंखों की मंगल ध्वनि गूंजी, पूरा पंडाल 'हर-हर गंगे' और 'जय माता दी' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। आरती के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्तिभाव से हाथ जोड़कर दर्शन करते रहे और अपने परिवार व क्षेत्र की सुख-शांति तथा समृद्धि की कामना की।
नवरात्र के पूरे नौ दिनों तक संध्या समय होगी महाआरती
नवरात्र के पहले दिन आयोजित इस कार्यक्रम में खैरा और आसपास के दर्जनों गांवों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में इस नए और भव्य आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शारदीय नवरात्र के पूरे नौ दिनों तक प्रतिदिन शाम को नियमित रूप से काशी के पुरोहितों द्वारा गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों को सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ना है। पहले दिन के सफल आयोजन के साथ ही खैरा में नौ दिवसीय धार्मिक महाउत्सव की शुरुआत हो गई है, जिसमें आगामी दिनों में और भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
