Jamui Road Accident: ऑटो पर गिरा विशाल आम का पेड़, 75 मिनट तक नीचे दबा रहा चालक; तीन जेसीबी भी रहीं नाकाम
Jamui Road Accident: जमुई के खैरा-गरही मार्ग पर एक विशाल आम का पेड़ ऑटो पर गिर गया, जिससे चालक 75 ...और पढ़ें

Jamui Road Accident: तीन जेसीबी मिलकर भी नहीं हिला पाईं पेड़! ऑटो पर गिरा भारी-भरकम तना, 75 मिनट तक नीचे फंसा रहा घायल चालक; कटर से काटकर बची जान
HighLights
जमुई में ऑटो पर गिरा विशाल आम का पेड़।
चालक 75 मिनट तक पेड़ के नीचे फंसा रहा।
वन विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश।
संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Road Accident: जिले के खैरा-गरही मुख्य मार्ग पर बैजराही गांव के समीप रविवार की दोपहर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक हादसा पेश आया। दोपहर करीब 1:30 बजे सड़क किनारे स्थित एक विशालकाय पुराना आम का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर बीच सड़क पर गुजर रहे एक ऑटो पर गिर पड़ा। पेड़ का मुख्य तना सीधे ऑटो के अगले हिस्से पर गिरा, जिससे वाहन चकनाचूर हो गया और चालक ऑटो के साथ पेड़ के भारी-भरकम मलबे के नीचे दब गया। हादसे के तुरंत बाद इलाके में जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
खैरा-गरही मुख्य मार्ग पर बैजराही गांव के समीप अचानक भरभराकर ऑटो पर गिरा दशकों पुराना विशाल आम का पेड़
ऑटो में सवार दो यात्रियों को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला, चालक धर्मेंद्र यादव उर्फ बौधा मलबे के नीचे बुरी तरह फंसा
तीन जेसीबी मशीनें भी नहीं हटा सकीं पेड़, वन विभाग की टीम ने कटर से डालियां काटकर 1 घंटा 15 मिनट बाद चालक को निकाला
स्थानीय लोगों का वन विभाग पर गंभीर आरोप: पहले भी गिर चुकी थी डाल, बार-बार सूचना देने के बावजूद नहीं काटा गया था खतरनाक पेड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय ऑटो में दो यात्री भी सवार थे। गनीमत रही कि स्थानीय ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तत्काल दोनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर खींच लिया। हालांकि, चालक वाहन के केबिन और स्टेयरिंग के बीच पेड़ के भारी वजन के नीचे बुरी तरह फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही गरही थानाध्यक्ष बिपिन चंद्र पालटा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। हालात इतने विकट थे कि मौके पर बुलाई गई तीन-तीन जेसीबी मशीनें मिलकर भी विशालकाय पेड़ को हिला तक नहीं सकीं।
75 मिनट तक सांसे अटकी रहीं, कटर से पेड़ काटकर निकाला
चालक पेड़ के नीचे गंभीर रूप से लहूलुहान अवस्था में फंसा रहा और करीब एक घंटे तक ग्रामीण व पुलिस उसका हौसला बढ़ाते रहे। सूचना दिए जाने के काफी देर बाद वन विभाग की टीम कटर व विशेष उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
-1788688118160.webp)
जब जेसीबी से पेड़ हटाना पूरी तरह असंभव हो गया, तब वन विभाग की टीम ने कटर मशीन से पेड़ की भारी डालियों और तने को टुकड़ों में काटना शुरू किया। करीब एक घंटा 15 मिनट (75 मिनट) तक चले इस सांस थाम देने वाले संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। घायल चालक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के पिपराटांड़ गांव निवासी धर्मेंद्र यादव उर्फ बौधा के रूप में हुई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
-1788688166978.webp)
वन विभाग की घोर लापरवाही उजागर, सड़क पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद सड़क के दोनों छोर पर बड़े और छोटे वाहनों की लंबी कतार लग गई और खैरा-गरही मार्ग पर कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया।
-1788688222205.webp)
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह पुराना पेड़ काफी समय से जर्जर स्थिति में था और कुछ दिन पूर्व भी इसकी एक बड़ी डाल टूटकर सड़क पर गिरी थी। स्थानीय लोगों द्वारा पेड़ को कटवाने या हटाने के लिए वन विभाग को कई बार लिखित व मौखिक सूचना दी गई थी, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय उदासीनता के कारण रविवार को यह पेड़ सीधा ऑटो पर आ गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते बाल-बाल टल गया।
