विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में युवक पर अंधाधुंध फायरिंग: चाची के पेट में लगी गोली, गंभीर हालत में पटना रेफर; घटनास्थल से कारतूस बरामद

Published: Fri, 21 Aug 2026 10:53 PM (IST)

जमुई के मौरा गांव में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने सिंटू कुमार पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें उसकी चाची रूपा ...और पढ़ें

गिद्धौर थाना क्षेत्र के मौरा गांव में तीन की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने की ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग

गिद्धौर थाना क्षेत्र के मौरा गांव में तीन की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने की ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग

HighLights

  1. जमुई में युवक पर अंधाधुंध फायरिंग, चाची घायल।

  2. गोली लगने से गंभीर रूपा देवी पटना रेफर।

  3. पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस बरामद किए, जांच जारी।

संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौरा गांव में शुक्रवार की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर सनसनी फैला दी। तीन की संख्या में आए हमलावरों ने गांव के युवक सिंटू कुमार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। सिंटू तो जान बचाकर भाग निकला, लेकिन चलाई गई गोली घर के दरवाजे पर बैठी उसकी चाची रूपा देवी (पति लुखड़ यादव) के पेट में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं।

गोली चलने की आवाज और परिजनों की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण जुटते, तब तक तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर पास के मकई के खेत में कूदकर फरार हो गए।

एक्स-रे व सीटी स्कैन में नहीं दिखा जख्म, पटना रेफर

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल महिला को आनन-फानन में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने तुरंत प्राथमिक उपचार के साथ एक्स-रे और सीटी स्कैन कराया। हालांकि जांच में गोली के अंदर फंसे होने या आर-पार होने के स्पष्ट निशान नहीं मिल सके। महिला की अत्यधिक गंभीर और नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत पटना रेफर कर दिया।

Jamui Firing Woman Shot in Stomach Critical Police Investigate (2)

दरवाजे पर बैठे थे परिजन, अचानक हुआ हमला

पीड़ित परिजनों ने बताया कि रात के समय परिवार के सभी सदस्य घर के दरवाजे पर बैठकर सामान्य रूप से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक अचानक वहां पहुंचे और सिंटू कुमार पर लगातार दो राउंड गोलियां चला दीं। सिंटू के भागने पर चलाई गई तीसरी गोली रूपा देवी को लग गई। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी। हमलावरों ने सीधे सिंटू को निशाना बनाया था।

दो कारतूस और एक खोखा बरामद

वारदात की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद किया है।

पुलिस युवक सिंटू कुमार से विवाद के कारणों को लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रात में अंधेरा होने के कारण बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन तकनीकी अनुसंधान और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।