जमुई: नशे में धुत सिरफिरे ने कुल्हाड़ी से काटकर की वृद्ध विधवा की हत्या, गिरफ्तार
जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र में एक नशेड़ी ने कुल्हाड़ी से वार कर लगभग 60 वर्षीय वृद्ध विधवा फूलवंती देवी ...और पढ़ें

नशे में धुत सिरफिरे ने कुल्हाड़ी से काटकर की वृद्ध विधवा की हत्या, गिरफ्तार
HighLights
जमुई में नशेड़ी ने वृद्ध विधवा की कुल्हाड़ी से हत्या की।
ग्रामीणों ने आरोपी पेंघू सिंह को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
संवाद सूत्र, लक्ष्मीपुर (जमुई)। थाना क्षेत्र के मड़ैया गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक नशेड़ी सिरफिरे ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर लगभग 60 वर्षीय वृद्ध विधवा महिला की बेरहमी से हत्या कर दी।
मृतका की पहचान मड़ैया गांव निवासी स्व. भोला सिंह की पत्नी फूलवंती देवी के रूप में हुई है। वारदात के बाद ग्रामीणों ने आरोपित पेंघू सिंह को खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया । घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, फूलवंती देवी अपने स्वजनों के साथ जमुई में एक रिश्तेदार के दाह संस्कार में शामिल होकर घर लौटी थीं। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद, गांव का ही पेंघू सिंह नशे की हालत में कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और अचानक फूलवंती पर हमला कर दिया।
आरोपित ने उनके सिर, गर्दन और शरीर पर लगातार कई वार किया। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भाग रहे पेंघू सिंह को दबोच लिया।
सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एफएसएल की टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए।
हत्या के सटीक कारणों का अभी तक पूरी तरह से खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि, ग्रामीण सूत्रों के अनुसार आरोपित और मृतका के बीच पिछले कई वर्षों से किसी बात को लेकर विवाद था। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर बारीकी से छानबीन कर रही है।
