जमुई में CRPF और बिहार पुलिस का सर्च ऑपरेशन; 2 पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद, नक्सली गतिविधियों पर ब्रेक
Jamui Barhat CRPF Operation: जमुई जिले के बरहट में पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर दो देसी पिस्टल और ...और पढ़ें

Jamui Barhat CRPF Operation: सीआरपीएफ 215 बटालियन और जिला पुलिस द्वारा बरामद किए गए हथियार व कारतूस
HighLights
बरहट पुलिस और सीआरपीएफ का संयुक्त तलाशी अभियान।
दो देसी पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
नक्सली व आपराधिक साजिशों को विफल किया गया।
संवाद सूत्र, बरहट (जमुई)। Jamui Barhat CRPF Operation:जिले में असामाजिक तत्वों और नक्सली गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन तलाशी अभियान के तहत बरहट पुलिस और सीआरपीएफ 215 बटालियन की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
सुरक्षाबलों ने विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान 02 देसी पिस्टल और .303 बोर के 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। समय रहते हथियारों की बरामदगी से क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक या नक्सली वारदात की साजिश को विफल कर दिया गया है।
सीआरपीएफ 215 बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के निर्देशन में सुरक्षाबलों को गुप्त सूचना मिली थी कि बरहट थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती इलाके में संदिग्ध हलचल देखी गई है और वहां अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार और सहायक कमांडेंट संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व में ए/215 बटालियन (चोरमारा) तथा बटालियन की क्विक एक्शन टीम (QAT) व बरहट पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
बरामदगी व ऑपरेशन
हथियार व गोला-बारूद: 02 देसी पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस (.303 बोर)।
सर्च स्थल: बरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरमारा व आसपास का इलाका।
शामिल बल: बरहट थाना पुलिस, ए/215 बटालियन (चोरमारा) एवं 215 बटालियन की क्यूएटी (क्विक एक्शन टीम)।
नेतृत्व: 2आई/सी (द्वितीय कमान अधिकारी) राजेश कुमार और सहायक कमांडेंट संतोष कुमार सुमन (मार्गदर्शन: कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल)।
संदिग्ध ठिकाने से हथियारों का जखीरा बरामद
गठित टीम ने चिह्नित इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध स्थान पर छुपाकर रखे गए दो देसी पिस्टल और .303 बोर के 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए। सुरक्षाबलों ने सभी हथियारों व कारतूसों को विधिवत जब्त कर लिया है और इस नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों का सुराग लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
-1790146895400.webp)
नक्सल गतिविधियों पर कड़ा प्रहार, जवानों की सराहना
इस संयुक्त कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अवैध हथियार तस्करों और नक्सली नेटवर्क को कड़ा झटका लगा है। ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव पैदा करने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा लगातार फ्लैग मार्च और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल ने सफल ऑपरेशन के लिए क्यूएटी टीम और ए/215 बटालियन के अधिकारियों व जवानों की मुस्तैदी और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती इलाकों में शांति और सुरक्षा कायम रखना सुरक्षाबलों की शीर्ष प्राथमिकता है और अपराधियों व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
