Move to Jagran APP

जमुई: भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, एक महिला सिपाही घायल, दो नामजद समेत 10 अज्ञात पर मामला दर्ज

झाझा थाना के गांव में भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इससे एक महिला सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि पुलिस बल के समय पर पहुंचने से महिला सिपाही को बचा लिया गया।

By Jagran NewsEdited By: Yogesh SahuPublished: Sat, 28 Jan 2023 02:47 PM (IST)Updated: Sat, 28 Jan 2023 02:47 PM (IST)
जमुई: भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, एक महिला सिपाही घायल, दो नामजद समेत 10 अज्ञात पर मामला दर्ज
भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, महिला सिपाही घायल, दो नामजद समेत 10 अज्ञात पर मामला दर्ज

जागरण संवाददाता, जमुई। झाझा थाना के महापुर गांव में भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इससे एक महिला सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस बल के समय पर पहुंचने से महिला सिपाही को बचाया गया। उसके गले और चेहरे पर चोटें आई हैं। घटना के बाद डायल 112 टीम के पुलिस पदाधिकारी एसआई विजय कुमार ने दो नामजद समेत 10 अज्ञात पर मामला दर्ज कराया है।

loksabha election banner

जानकारी के अनुसार, महापुर गांव के घुटर यादव की पत्नी सुगनी देवी ने रात में आपने मोबाइल से 112 पर डायल कर सूचना दी कि मेरी जमीन को गांव के कुछ लोग जबरन घेर रहे हैं। हेडक्वार्टर से डायल 112 के पदाधिकारी विजय कुमार को सूचना दी गई। पूरी टीम रात के 11 बजे महापुर गांव के सुगनी देवी के पास पहुंची और घटना की जानकारी ली।

सुगनी देवी पुलिस टीम को घटनास्थल के समीप ले जाने लगी। उसी दौरान 8 से 10 की संख्या में महिलाएं पुलिस बल के साथ गाली-गलौज करने लगीं। महिला सिपाही आभा कुमारी के साथ मारपीट की। इससे महिला सिपाही के गले और चेहरे पर चोटें आईं। बहुत देर तक महिला सिपाही के गले को दबाए रखा गया। किसी तरह पुलिस पदाधिकारी ने महिला सिपाही को आक्रोशित महिलाओं से बचाया।

इस दौरान डायल 112 की गाड़ी को घेर लिया गया। वाहन के आगे दो से तीन महिलाएं सो गईं और आगे बढ़ने नहीं दिया। पुलिस पदाधिकारियों ने इसकी सूचना झाझा थाना के थानाध्यक्ष राजेश शरण को दी। थानाध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और बंधक पुलिसवालों को छुड़ाया। इस मामले में एसआई विजय कुमार ने सोहजना गांव के चंद्रदेव यादव की पत्नी सुनीता देवी एवं सोनो के कालेश्वर यादव की पत्नी मंजू देवी सहित 10 अज्ञात पर मामला दर्ज कराया है।

घायल महिला सिपाही का इलाज रेफरल अस्पताल में किया गया। वह खतरे से बाहर है। एसडीपीओ रवि शंकर प्रसाद एवं थानाध्यक्ष राजेश शरण ने मामले की जांच प्रारंभ करते हुए आरोपित महिलाओं की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

जमीन विवाद में पहले हो चुकी है एक की निर्मम हत्या

जानकारी के अनुसार, जिस जमीन के लिए 112 पर डायल कर पुलिस को बुलाया गया। उक्त भूमि को लेकर वर्षों पहले एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस टीम को जिस महिला ने फोन करके बुलाया था, वह उस हत्या के मामले में जेल जा चुकी है। हाल ही में वह जेल से रिहा हुई है। साथ ही महिला के पति घुटर यादव हत्या के उसी मामले में अभी भी फरार है।

पुलिस बल पर जिस जगह हमला हुआ, वह मृतक मनोज यादव का घर था। बताया जाता है कि आरोपित लोगों ने एक षड्यंत्र के तहत पुलिस को बुलाकर हमला किया। ताकि जिस व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद है उसे इस मामले में फंसाया जा सके। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ नहीं बता रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.