प्रेमिका ने घर बुलाकर रेता गला! आरी से किए टुकड़े, शव को तेजाब भरे ड्रम में डाला; बिहार व झारखंड में खौफनाक वारदात
Jamui Giridih Murder Case: प्रेमिका ने अपने परिजनों के साथ मिलकर प्रेमी मिथुन दास की निर्मम हत्या कर दी, क्योंकि ...और पढ़ें

Jamui Giridih Murder Case: चकाई के मिथुन दास हत्याकांड का खुलासा, प्रेमिका ने घर बुलाकर कराया कत्ल; शव के टुकड़े कर तेजाब से गलाने की कोशिश
HighLights
प्रेमिका ने प्रेम-प्रसंग में प्रेमी मिथुन दास की हत्या की।
शव को आरी-कुल्हाड़ी से काटकर तेजाब से गलाने का प्रयास।
पुलिस ने प्रेमिका सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। Jamui Giridih Murder Case: जमुई जिले के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरियाडीह गांव निवासी युवक मिथुन दास की पड़ोसी राज्य झारखंड के गिरिडीह जिला स्थित बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में हुई दिल दहला देने वाली हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। प्रेम-प्रसंग में बाधक बनने और परिवार की मर्जी के खिलाफ संबंध रखने पर प्रेमिका ने अपने स्वजनों के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची और प्रेमी को घर बुलाकर नृशंस तरीके से मौत के घाट उतार दिया।
सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने प्रेस वार्ता में बताया कि मिथुन दास का सपना कुमारी के साथ पिछले करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। यह संबंध सपना के परिजनों को कतई बर्दाश्त नहीं था। सपना के परिजन पूर्व में मोरियाडीह जाकर मिथुन को स्पष्ट चेतावनी भी दे चुके थे कि वह दोबारा गांव का रुख न करे। इसके बावजूद दोनों का संपर्क बना हुआ था, जिसके बाद परिवार ने मिलकर मिथुन को रास्ते से हटाने का सुनियोजित खाका तैयार किया।
फोन कर घर बुलाया
पुलिस उद्भेदन के अनुसार, रविवार की शाम सपना ने ही फोन कर मिथुन को मिलने के बहाने पहाड़पुर बुलाया। जब मिथुन गांव पहुंचा, तो पहले से घात लगाए तीन युवकों ने उसकी पुख्ता रेकी की। जैसे ही मिथुन सपना के घर के कमरे में दाखिल हुआ, वहां मौजूद लोगों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद कमरे का दरवाजा बंद कर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया गया।
जमुई के बिचकोड़वा निवासी मिथुन दास की गिरिडीह के बेंगाबाद में प्रेम-प्रसंग के चलते नृशंस हत्या
प्रेमिका सपना कुमारी, पिता जगदीश दास, मां रेशमी देवी और पंकज कुमार गिरफ्तार; दो नाबालिग भी निरुद्ध
कमरे में गला रेतने के बाद आरी व कुल्हाड़ी से किए शव के टुकड़े, नीले ड्रम में तेजाब व मिट्टी का तेल डालकर जलाने का प्रयास
रांची से पहुंची FSL टीम ने नीले ड्रम और कमरे से जब्त किए खून से सने कपड़े, आरी, कुल्हाड़ी और मृतक के जूते
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए अपराधियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। शव को आरी और कुल्हाड़ी से कई टुकड़ों में काटा गया। इसके बाद मिट्टी का तेल छिड़ककर शव को जलाने की कोशिश की गई, लेकिन पूरी तरह न जलने पर शव को घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में संलिप्त प्रेमिका सपना कुमारी, उसके पिता जगदीश दास, मां रेशमी देवी और सहयोगी पंकज कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल दो किशोरों को निरुद्ध किया गया है। मौके से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, आरी, खून से सनी नीली जींस, जले कपड़ों के टुकड़े, चेन, केरोसिन की बोतल, खून से सनी चादर, तकिया कवर, एक जोड़ी जूता, तीन शादी के कार्ड, ओढ़नी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एफएसएल टीम ने नीले ड्रम से बरामद किए अहम साक्ष्य
हत्याकांड की वैज्ञानिक जांच के लिए रांची से पहुंची फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल का सघन मुआयना किया। एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के अनुसार, कमरे की दीवारों, फर्श और बिस्तर पर फैले खून के धब्बों के नमूने जुटाए गए। घर में रखे एक बंद नीले ड्रम की तलाशी लेने पर उसके भीतर से खून से लथपथ कंबल, चादर, युवती की खून लगी जींस, मृतक के जूते और एक छोटी आरी बरामद हुई।
तेजाब से गलाने का प्रयास विफल
जांच में सामने आया है कि टुकड़े करने के बाद शव को नीले ड्रम में भरकर बाथरूम में ले जाया गया था, जहां उस पर एसिड डालकर गलाने का प्रयास किया गया था। जब एसिड से शव नहीं गला, तब आनन-फानन में घर के पीछे गड्ढा खोदकर उसे दफनाया गया। शुरुआत में आरोपित परिजनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन एफएसएल द्वारा साक्ष्य जुटाने और प्रेमिका को दोबारा घटनास्थल पर लाकर आमने-सामने पूछताछ करने के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
