महागठबंधन तय करेगी तो जमुई से लडूंगा चुनाव
जमुई। महागठबंधन तय करेगी तो जमुई लोक सभा से लडूंगा चुनाव। उक्त बातें शनिवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने डॉ. शशि शेखर के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कही।
जमुई। महागठबंधन तय करेगी तो जमुई लोक सभा से लडूंगा चुनाव। उक्त बातें शनिवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने डॉ. शशि शेखर के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी चालीस लोकसभा सीट महागठबंधन की झोली में आएगी। 2019 के चुनाव में एनडीए का बिहार से सफाया तय है। सवर्ण आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आरक्षण के नाम पर एनडीए संविधान के साथ छेड़ छाड़ कर रही है। आरक्षण का आधार गरीबी नहीं है। बाबा साहब ने गैर बराबरी के लिए आरक्षण की व्यवस्था की थी। दस प्रतिशत आरक्षण पाने वाले से पूछिये क्या वे गटर साफ करेंगे, अगर नहीं तो यही गैर बराबरी है। इसी सच्चाई से लोगों को अवगत कराना चाहता हूं। अभी तक तो पूर्व का उन्नचास प्रतिशत आरक्षण अक्षरश: लागू नहीं किया गया है। शैक्षणिक गैरबराबरी सामाजिक गैरबराबरी की दूरी समाप्त कर मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बाबा साहब ने आरक्षण की व्यवस्था की है। आरक्षण गरीबी उन्मूलन का कार्यक्रम नहीं है। संविधान के मूल ढांचा को तोड़कर हिन्दू राष्ट्र बनाने की प्रक्रिया में एनडीए कार्य कर रही है। धार्मिक उन्माद फैलाया जा रहा है। जिसका जवाब लोकसभा चुनाव में बिहार की जनता जरूर देगी। सुशासन के नाम पर बिहार में भ्रम फैलाया जा रहा है। 2400 सौ करोड़ का सृजन घोटाला नीतीश कुमार को घोटाला नजर नहीं आता है। महागठबंधन मजबूती के साथ आम जनता के साथ है। कहा कि जमुई की जनता से मेरा लगाव है और महागठबंधन चाहेगी तो यहां से लोकसभा चुनाव लडूंगा। इस मौके पर डॉ. शेखर रावत, पूर्व प्रखंड प्रमुख श्रवण यादव, नागो मंडल, गणेश यादव, नरेश यादव, रंजीत राम, आशिष कुमार, विकास केशरी सहित महागठबंधन के कार्यकर्ता मौजूद थे।