Bihar Crime: जमुई में पंखे से लटका मिला वन आरक्षी का शव, बेगूसराय का रहने वाला था मृतक जवान
Forest Guard कोहबारबा स्थित वन विभाग चेकनाका में कार्यरत वन आरक्षी का शव पंखे के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस सुसाइड और हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
जमुई, जागरण संवाददाता। जमुई में एक वन आरक्षी का शव पंखे से लटका मिला। मृतक वन आरक्षी बेगूसराय का रहने वाला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के कोहबारबा स्थित वन विभाग चेकनाका में कार्यरत वन आरक्षी का पंखा से लटका शव मिला है। सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृतक वन आरक्षी का पहचान बेगूसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत केसाव गांव निवासी कन्हैया कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच में जुट गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
वहीं, मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के मिठनसराय के रहने वाला एक युवक भी आंध्र प्रदेश में संदिग्ध परिस्थिति में मृत मिला। शिव सागर कुमार (18) की पांच दिन पहले आंध्र प्रदेश में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई, उसका शव कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला था।
आंध्र पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मंगलवार को परिजन एंबुलेंस से शव लेकर घर लौट रहे थे कि इस दौरान लदौरा में चार युवकों ने एंबुलेंस को रुकवा लिया। युवकों ने मृतक के परिजनों से मारपीट की और उनसे पोस्टमार्टम के कागजात छीनकर भाग गए।
इसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे। इस घटना से इलाके में तनाव व्याप्त है। वहीं, आक्रोशित लोग थाने में पहुंचकर हंगामा करने लगे। मामले में मृतक के पिता बिंदेश्वर राम का कहना है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने शिव सागर को आंध्र प्रदेश में पंचर बनाने की दुकान पर काम करने के लिए नौकरी लगवा दिया था। वह करीब एक साल से वहीं पर रहता था। अचानक से पांच दिन पहले बेटे की मौत की सूचना मिली।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति उसे नौकरी दिलवाने वहां लेकर गया था। उसी ने उनके बेटे की हत्या कर शव को लटकाया था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।