विद्यार्थियों की उपस्थिति पर पड़ रहा रसोइयों की हड़ताल का असर
जमुई। बीते सात जनवरी से प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के हड़ताल पर चले जाने से मध्याह्न भोजन योजना संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
जमुई। बीते सात जनवरी से प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के हड़ताल पर चले जाने से मध्याह्न भोजन योजना संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। कुछ विद्यालय ऐसे भी हैं जहां मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन नियमित हो रहा है। दरअसल प्रखंड के सभी 199 प्रारंभिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन बंद नहीं है। प्रखंड मुख्यालय की बात की जाए तो यहां आदर्श मध्य विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कन्या मध्य विद्यालय आदि ऐसे विद्यालय हैं जहां मध्याह्न भोजन बंद है लेकिन प्रखंड मुख्यालय से सटे उत्क्रमित मध्य विद्यालय मानधाता में शुक्रवार को भी एमडीएम का संचालन किया गया। वहीं दूसरी ओर उत्क्रमित मध्य विद्यालय डोकली , प्राथमिक विद्यालय दूबेडीह , उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिपराबांक , नवीन प्राथमिक विद्यालय बथानपर आदि ऐसे विद्यालय हैं जहां शुक्रवार को मध्याह्न भोजन से बच्चे लाभान्वित हुए। प्राथमिक विद्यालय गोरबा मटिहाना में शुक्रवार को वहां कार्यरत रसोइयों ने अंडे उबाल कर रखा ही था कि हड़ताली रसोइयों का एक जत्था विद्यालय परिसर में प्रवेश कर गया और मध्याह्न भोजन योजना को बंद रखने को कहा। वहीं दूसरी ओर अपनी विभिन्न मांगों को ले अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए रसोइयों को एकजुट करने के प्रयास में जुटे माले, एक्टू तथा अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा अब सक्रिय है। उनके सदस्य अब विद्यालयों में जाकर मध्याह्न भोजन योजना बंद रखने को कह रहे हैं। लिहाजा हड़ताल के बारहवें दिन शुक्रवार को तीस फीसद विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना बंद पाया गया।