विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में अनोखा रक्षाबंधन : गिद्धौर की लाल कोठी में जुटी भाइयों की कतार, मंत्री श्रेयसी सिंह ने बांधी स्नेह की राखी

Published: Fri, 28 Aug 2026 06:22 PM (IST)

खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने जमुई के गिद्धौर स्थित अपने पैतृक आवास 'लाल कोठी' में पार्टी कार्यकर्ताओं के ...और पढ़ें

खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने गिद्धौर स्थित अपने आवास 'लाल कोठी' में कार्यकर्ताओं संग मनाया रक्षाबंधन का पर्व

खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने गिद्धौर स्थित अपने आवास 'लाल कोठी' में कार्यकर्ताओं संग मनाया रक्षाबंधन का पर्व

HighLights

  1. मंत्री श्रेयसी सिंह ने कार्यकर्ताओं संग मनाया रक्षाबंधन पर्व।

  2. गिद्धौर की लाल कोठी में बांधा स्नेह का रक्षा सूत्र।

  3. रक्षाबंधन को बताया विश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक।

संवाद सहयोगी, जमुई। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने शुक्रवार को गिद्धौर स्थित अपने पैतृक आवास 'लाल कोठी' में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ आत्मीयता से रक्षाबंधन मनाया। इस दौरान मंत्री ने उपस्थित कार्यकर्ता भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास के इस त्योहार को यादगार बना दिया।

लाल कोठी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। मंत्री श्रेयसी सिंह ने बारी-बारी से सभी कार्यकर्ताओं को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनके सुख, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। कार्यकर्ताओं ने भी अपनी विधायक व मंत्री को बहन के रूप में असीम स्नेह देते हुए उनके प्रति अटूट विश्वास और समर्थन का संकल्प दोहराया।

'रक्षाबंधन आपसी विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक'

पूरे आयोजन के दौरान माहौल बेहद भावुक, पारिवारिक और उत्सवी नजर आया। कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल परंपरा का निर्वहन नहीं, बल्कि यह आपसी विश्वास, स्नेह, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का पवित्र प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह पर्व मनाने से उन्हें हमेशा एक बड़े परिवार का हिस्सा होने की सुखद अनुभूति होती है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि श्रेयसी सिंह एक जनप्रतिनिधि से बढ़कर हर सुख-दुख में परिवार के अभिभावक और सदस्य की तरह हमेशा उनके साथ खड़ी रहती हैं। इस मौके पर मंत्री के निजी सहायक मिथिलेश सिंह सहित जिले के कई गणमान्य लोग और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सिमुलतला में रक्षाबंधन पर उमड़ा उल्लास

सिमुलतला क्षेत्र में रक्षाबंधन का पावन पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए भाइयों की आरती उतारी, माथे पर तिलक लगाया और कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। वहीं, भाइयों ने भी जीवनपर्यंत बहनों की सुरक्षा और संबल बने रहने का वचन देते हुए उन्हें उपहार व नेग भेंट किए।

बाजारों में रही रौनक

त्योहार को लेकर सुबह से ही सिमुलतला बाजार, लोहिया चौक और टेलवा बाजार में खासी चहल-पहल रही। राखी, फल और उपहारों की दुकानों पर खरीदारी के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। पर्व की मिठास के चलते मिठाई दुकानों पर ग्राहकों का इतना तांता लगा कि दोपहर तक कई दुकानों पर स्टॉक खत्म हो गया। पूरे क्षेत्र में गूंज रहे पारंपरिक व भक्ति गीतों से माहौल दिनभर उत्सवी बना रहा। दूर-दराज से बहनों के आगमन से ग्रामीण घरों में पारिवारिक मिलन की आत्मीय छटा देखने को मिली।