विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई के खैरा पंचायत सरकार भवन में मिलीं कई खामियां, मंत्री दीपक प्रकाश ने दिए सुधार के कड़े निर्देश

Published: Fri, 11 Sep 2026 11:01 PM (IST)

बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने जमुई में 2.30 करोड़ रुपये की लागत से बने खैरा पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया।

जांच करते मंत्री दीपक प्रकाश। (जागरण)

जांच करते मंत्री दीपक प्रकाश। (जागरण)

HighLights

  1. मंत्री दीपक प्रकाश ने खैरा पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया।

  2. भवन निर्माण में कई गुणवत्ता संबंधी खामियां पाई गईं।

  3. अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

संवाद सहयोगी, जमुई। करीब 2.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार खैरा पंचायत सरकार भवन की निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद शुक्रवार को बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने भवन का निरीक्षण किया।

दोपहर बाद पहुंचे मंत्री ने भवन के हाल, विभिन्न कक्षों, लाइब्रेरी, छत समेत अन्य हिस्सों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण संबंधी कई खामियां सामने आने पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने का निर्देश दिया।

मंत्री ने कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। भवन में छोटी या बड़ी कोई भी दरार गंभीर विषय है।

निरीक्षण के दौरान भवन के कई हिस्सों में पूर्व में कराई गई मरम्मत के निशान भी दिखाई दिए। उन्होंने छत की ढलाई के बाद प्लास्टर ठीक ढंग से नहीं किए जाने तथा कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ने पर नाराजगी जताई।

लाइब्रेरी कक्ष में लगे बिजली के बोर्ड को भी उन्होंने असुरक्षित बताते हुए तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण भूकंपरोधी तकनीक से किया गया है, लेकिन इसके लिए निर्धारित तकनीकी प्रविधानों का सही तरीके से पालन होना भी जरूरी है।

उन्होंने निर्देश दिया कि अब पूरे बिहार में तैयार पंचायत सरकार भवनों को हैंडओवर करने से पहले उनकी गुणवत्ता और सुरक्षा की पूरी जांच कराई जाएगी। जांच में संतुष्ट होने के बाद ही भवनों का हस्तांतरण किया जाएगा।

रंग-रोगन के बाद हुआ निरीक्षण

गौरतलब है कि खैरा पंचायत सरकार भवन का निर्माण करीब दो करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। लगभग एक सप्ताह पूर्व भवन के हस्तांतरण के दौरान दीवारों में कई जगह दरार, उखड़ा प्लास्टर और टूट-फूट की शिकायत सामने आई थी।

स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि शैलेंद्र रावत ने भी इस मामले को उठाया था। मंत्री के निरीक्षण से पहले भवन के कई हिस्सों में रंग-रोगन और मरम्मत कराई गई।

इसके बाद मंत्री ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पौधारोपण भी किया तथा खैरा पंचायत के वार्ड सं. 11 का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पंचायती राज पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- 'परिसीमन के बाद ही होंगे पंचायत चुनाव', मधेपुरा में बोले पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश