विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार की 'कराटे क्वीन': 8वीं की छात्रा जूही ने कोलकाता में जीता दोहरा स्वर्ण पदक, नाम दर्ज हैं 52 गोल्ड समेत 75 मेडल

Published: Fri, 28 Aug 2026 05:54 PM (IST)

सिमुलतला, जमुई की जूही कुमारी ने कोलकाता में आयोजित ऑल स्टेट ऑल स्टाइल कराटे चैंपियनशिप में दोहरा स्वर्ण पदक जीतकर ...और पढ़ें

कोलकाता में BSF के सहयोग से आयोजित ऑल स्टेट ऑल स्टाइल कराटे चैंपियनशिप में जूही कुमारी ने जीता डबल गोल्ड

कोलकाता में BSF के सहयोग से आयोजित ऑल स्टेट ऑल स्टाइल कराटे चैंपियनशिप में जूही कुमारी ने जीता डबल गोल्ड

HighLights

  1. जूही कुमारी ने कोलकाता कराटे चैंपियनशिप में दोहरा स्वर्ण पदक जीता।

  2. 8वीं की छात्रा जूही के नाम 52 स्वर्ण सहित 75 पदक।

  3. ग्रामीण जमुई की बेटी बनीं देश की 'कराटे क्वीन'।

संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। दृढ़ संकल्प और निरंतर अभ्यास से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है, इसे सच साबित कर दिखाया है बिहार के जमुई जिले अंतर्गत सिमुलतला की बेटी जूही कुमारी ने। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित खुदीराम अनुशीलन केंद्र इंडोर स्टेडियम में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सहयोग से आयोजित ऑल स्टेट ऑल स्टाइल कराटे चैंपियनशिप में जूही ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल के दम पर दोहरा स्वर्ण पदक (डबल गोल्ड) जीतकर इतिहास रच दिया।

देशभर से जुटे 300 से अधिक कराटेबाजों के कड़े मुकाबलों के बीच जूही ने 13-14 वर्ष आयु वर्ग में दिल्ली, असम और पश्चिम बंगाल के शीर्ष खिलाड़ियों को एकतरफा शिकस्त देकर यह स्वर्णिम उपलब्धि हासिल की।

प्रिंसेस दिया कुमारी फाउंडेशन के संरक्षण में निखर रही प्रतिभा

खेल जगत में 'कराटे क्वीन' के नाम से अपनी पहचान बना चुकीं जूही वर्तमान में जयपुर स्थित 'द पैलेस स्कूल' में कक्षा 8वीं की छात्रा हैं। वे 'प्रिंसेस दिया कुमारी फाउंडेशन' के संरक्षण और मार्गदर्शन में अपने खेल को तराश रही हैं। जूही की इस दोहरी स्वर्णिम सफलता पर उनके कोच निर्मल बोहरा, मोहन श्रेष्ठ और श्याम सिंह शेखावत ने हर्ष व्यक्त किया।

वहीं, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उर्वशी वर्मन, एमएसएमएस द्वितीय संग्रहालय ट्रस्ट की कार्यकारी ट्रस्टी रमा दत्ता और पूर्व ओलंपियन व अर्जुन अवार्डी गोपाल सैनी ने जूही को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इस ऐतिहासिक जीत की सूचना मिलते ही पैतृक गांव सिमुलतला सहित पूरे जमुई जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।

75 पदकों का सफर, 52 बार चूमा गोल्ड

छोटी सी उम्र में जूही की पदक तालिका किसी भी उभरते एथलीट के लिए बड़ी प्रेरणा बन चुकी है:

  • 8 बार: राजस्थान स्टेट चैंपियन

  • 6 बार: नेशनल चैंपियन

  • 2 बार: ओपन इंटरनेशनल चैंपियन

  • कुल पदक: 75 (52 स्वर्ण, 14 रजत और 9 कांस्य)

सम्मान के राष्ट्रीय मंचों पर लहराया परचम]

खेल उपलब्धियों के साथ-साथ जूही को कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित भी किया जा चुका है:

  • जुलाई 2023: अमृत माटी अवार्ड (पिंक सिटी प्रेस क्लब)

  • नवंबर 2023: समग्र भारत न्यास अवार्ड (जमुई)

  • दिसंबर 2023: सर्वा प्रजापति शक्ति ट्रस्ट अवार्ड (मुंबई)

  • मार्च 2024: नारी रत्न अवार्ड (दिल्ली)

  • मार्च 2025: नारी गौरव स्वाभिमान सम्मान एवं पंचम सर्व समाज नारी गौरव सम्मान

  • मार्च 2026: नारी रत्न अवार्ड (दिल्ली) और छठा सर्व समाज नारी गौरव सम्मान (जयपुर)

ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय फलक पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली जूही की यह उपलब्धि आज देश की उन तमाम बेटियों के लिए मिसाल बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं।