विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिहार में DM साहब को 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 85 हजार युवाओं की तलाश! चौंकाने वाली है वजह

Published: Wed, 10 Sep 2025 07:51 PM (IST)

जमुई के जिला पदाधिकारी नवीन ने 85000 युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 16 सितंबर तक का समय ...और पढ़ें

18-19 वर्ष आयु वर्ग के 85 हजार युवाओं की तलाश!
18-19 वर्ष आयु वर्ग के 85 हजार युवाओं की तलाश!

अरविंद कुमार सिंह, जमुई। जिला पदाधिकारी, जमुई को 85,000 युवाओं की तलाश है। इसके लिए उन्होंने न सिर्फ दर्जन भर विभाग प्रमुख को कड़ा निर्देश दिया है, बल्कि 16 सितंबर का डेडलाइन भी तय कर दिया है। इन युवाओं की तलाश किसी और वजह से नहीं, मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए की जा रही है।

दरअसल, जमुई जिले में 18 से 19 आयु वर्ग की अनुमानित जनसंख्या के विरुद्ध मतदाता सूची के प्रकाशित प्रारूप में महज 20 प्रतिशत युवाओं का ही नाम दर्ज हो सका है जो गहन पुनरीक्षण अभियान की गहनता पर सवालिया निशान भी है।

जिला पदाधिकारी नवीन ने कहा है कि यहां उक्त आयु वर्ग की अनुमानित संख्या 1,07,374 है जो कुल आबादी का 4.97 प्रतिशत है, जबकि प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के निर्वाचकों की संख्या महज 22,472 है जो कुल अनुमानित जनसंख्या का 1.03 प्रतिशत है।

ऐसे में चिंता लाजिमी है कि तकरीबन 85 हजार युवा कहां चले गए? क्या इन युवाओं की लोकतंत्र और मतदान में दिलचस्पी नहीं है? उनकी दिलचस्पी नहीं है तो फिर जागरूकता के लिए उन युवाओं से संपर्क साधे गए या नहीं? गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी उनके घर तक पहुंचे या नहीं?

ऐसे कई सवाल हैं, जिसका उठाना लाजिमी है। यह स्थिति सिर्फ युवाओं के मामले में ही नहीं, बल्कि महिलाओं को लेकर भी है। मतदाता सूची में इनकी संख्या भी कम हुई है। लिंगानुपात 927 से घटकर 904 पर आ गया है। फिलहाल, जनसंख्या का लिंगानुपात 922 को लक्ष्य मान कर उसे प्राप्त करने का टास्क दिया गया है।

दर्जन भर विभाग प्रमुख को मिली जिम्मेवारी

जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी तथा सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है।

इस कार्य में जीविका दीदी, आवास सहायक, पंचायत रोजगार सेवक, आशा एवं ममता कार्यकर्ता, जन वितरण प्रणाली विक्रेता, प्लस टू हाईस्कूल और कालेजों के प्राचार्यों, कृषि समन्वयक, कृषि सलाहकार, विकास मित्र, राजस्व कर्मचारी, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका तथा बूथ लेवल अधिकारी को विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को लेकर निर्देशित किया गया है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला पदाधिकारी को इस कार्य में कितनी कामयाबी मिल पाती है। यह अभियान शत-प्रतिशत सफल हुआ तो जिले में मतदाताओं की संख्या में लगभग एक लाख की बढ़ोत्तरी हो जाएगी। फिलहाल, यह संख्या 12.52 लाख के करीब है।

विधानसभा वार 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं का विवरण

विधानसभा क्षेत्र पुरुष महिला कुल मतदाता
सिकंदरा 2992 2324 5316
जमुई 3265 2578 5843
झाझा 3629 2745 6375
चकाई 3001 2058 5059
कुल 12887 9705 22593

दैनिक जागरण की अपील

लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान आवश्यक है। मतदान में भागीदारी के लिए मतदाता सूची में नाम शामिल होना जरूरी है। बड़ी संख्या में जमुई के युवा मतदाताओं का नाम सूची में नहीं होना चिंता का विषय है। ऐसे में दैनिक जागरण की अपील है कि हर एक वयस्क नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज करवा लें।

18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा तथा महिलाओं के शत-प्रतिशत नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही हर हाल में 16 सितंबर तक टास्क पूर्ण कर लेने को कहा गया है। - नवीन, जिला पदाधिकारी, जमुई