बिहार: चकाई-देवघर मार्ग पर सड़क हादसा, कांवड़ियों से भरी पिकअप पलटने से 16 श्रद्धालु घायल
जमुई के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में एनएच 333 पर कांवरियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई।
HighLights
जमुई में कांवरियों से भरी पिकअप पलटी, 16 घायल।
सात गंभीर रूप से घायल, देवघर अस्पताल रेफर किए गए।
चालक को नींद आने से हुआ हादसा, वाहन पलटा।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी ( जमुई)। चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के चकाई देवघर मुख्य मार्ग नेशनल हाईवे 333 पर रविवार रात 2:00 बजे के करीब चोरकट्टा मोड़ के पास कांवरियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराकर गड्ढे में पलट गई।
घटना का कारण चालक को नींद आना बताया जाता है। हादसे में 16 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें सात की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
गंभीर रूप से घायल सात लोगो को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जाता है कि सभी घायल नालंदा औरंगाबाद और शेखपुरा जिले के अलग अलग इलाके के रहने वाले है और आपस मे सम्बधी है।
घायलों ने बताया कि पहले देवघर और बाद में बासुकीनाथ धाम में पूजा कर पिकअप से राजगीर घूमने जा रहे थे। पिकअप में बांस-बल्ली से दो तल्ला मचान बनाया गया था, जिसमें क्षमता से अधिक लोग सवार थे। कुछ लोग ऊपर सो रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि माधोपुर से आगे बढ़ते ही चालक ने संतुलन खो दिया और वाहन पलट गया जिसके बाद पिकअप सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल टूटकर पिकअप पर गिर पड़ा और गाड़ी पलट गई। ऊपर सो रहे श्रद्धालु नीचे दब गए, जिससे चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर चंद्रमंडी थाना के पुलिस पदाधिकारी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से चकाई रेफरल अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल मे धर्मेंद्र मेहता, उदय मेहता, विश्वजीत कुमार शशि कुमार, चंचल मेहता, सरिता कुमारी, राजा कुमार, राहुल कुमार, चंदन कुमार, हीरा पासवान, रविरंजन कुमार, सत्या कुमारी, गुड़िया कुमारी, धनंजय पासवान और सरिता देवी का इलाज चल रहा है।
देवघर किया गया रेफर
प्रारंभिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल सात लोगों को बेहतर इलाज के लिए देवघर अस्पताल रेफर कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है।
देवघर ले जाये गये घायलों में औरंगाबाद जिले के अम्बा गांव निवासी अभिजीत कुमार को सिर और पैर में जख्म है, साथ ही अम्बा के ही रहनेवाले उदय कुमार मेहता, शशि कुमार, सत्या सिंह, गुड़िया कुमारी, सरिता देवी सहित एक अन्य घायल हैं।
अभिजीत कुमार की चोट गंभीर है, जिनका सदर अस्पताल में चिकित्सक की देखरेख में इलाज चल रहा है, शेष घायलों का उपचार कर उन्हें वापस भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- पटना में ट्रक की टक्कर से ऑटो सवार मां और दो बेटों की मौत, पति-बेटी की हालत गंभीर
