सांप्रदायिक माहौल बना किसानों की हकमारी कर रही सरकार
जहानाबाद। भाकपा माले लिबरेशन के नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर सांप्रदायिक माहौल बनाकर किसानों की हकमारी किए जाने का आरोप लगाया। मखदुमपुर तथा हुलासगंज प्रखंड कार्यालय के समक्ष आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि मोदी-नीतीश राज में दंगा फसाद का सरकारीकरण हो गया है।
जहानाबाद। भाकपा माले लिबरेशन के नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर सांप्रदायिक माहौल बनाकर किसानों की हकमारी किए जाने का आरोप लगाया। मखदुमपुर तथा हुलासगंज प्रखंड कार्यालय के समक्ष आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि मोदी-नीतीश राज में दंगा फसाद का सरकारीकरण हो गया है। मखदुमपुर प्रखंड कार्यालय के समीप जन अधिकार सभा की अध्यक्षता अशोक कुमार ने की। सभा को जिला सचिव श्रीनिवास शर्मा, सत्येंद्र रविदास, मुन्ना देवी, भागीरथ मांझी, धनेश्वर मांझी, शिवरतन सिंह, दूधेश्वर प्रसाद तथा सोनफी देवी आदि नेताओं ने संबोधित किया। इधर हुलासगंज प्रखंड मुख्यालय में राज्य कमेटी सदस्य रामबली सिंह यादव,उद्रेश पासवान, दिलीप बिद, अवधेश पंडित, मालती देवी, कमलेश चंद्रवंशी, रामा पासवान, रामप्रवेश बिद तथा माला दास आदि नेताओं ने सभा को संबोधित किया। नेताओं ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में चोरी-डकैती के साथ दलित उत्पीड़न की घटनाएं चरम पर है। बटाईदार किसान समेत आम आवाम बाढ़, सुखाड़ से त्रस्त हैं। कुछ पंचायतों में सुखाराहत की सरकारी घोषणा की गई थी वह भी छलावा शामिल हुआ है। मजदूरों को काम नही मिल रहा है। मनरेगा लूट का पर्याय बन गया है। नेताओं ने कहा कि देश में भारी मंदी है। रोजी रोटी के लाले पड़े हुए हैं। उनलोगों ने कहा कि जिला प्रशासन भी दंगा फ्रेंडली हो गया है। बड़े अधिकारी दंगाईयों के सामने बौना दिख रहे हैं। दंगा के मास्टर माइंड को पकड़ने एवं सजा दिलाने के बजाय उसपर लीपापोती किया जा रहा है।