पूजा के दौरान अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर की जाएगी सख्त कार्रवाई
जहानाबाद। समाहरणालय स्थित ग्रामप्लेक्स भवन में शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में दीपावली एवं छठ त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जहानाबाद। समाहरणालय स्थित ग्रामप्लेक्स भवन में शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में दीपावली एवं छठ त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। मौके पर उपस्थित जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक मनीष ने सर्वप्रथम जिलेवासियों को शुभकामना देते हुए इस त्योहार को प्रेम एवं सछ्वाव के साथ मनाने की अपील की। दुर्गा पूजा के अवसर पर असामजिक तत्वों द्वारा तनाव की स्थिति उत्पन्न करने के कारण जिला प्रशासन द्वारा दीपावली एवं छठ त्योहार के अवसर पर विशेष सतर्कता बती जा रही है। अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरूद्ध शिकंजा कसने की भी तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने सभी थानाध्यक्षों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों को अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश देते हुए उनके विरुद्ध भादवि संहिता की धारा 153-ए एवं 505 के तहत् सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से लक्ष्मी की प्रतिमा विसर्जन एवं जुलूस के लिए सक्षम पुलिस पदाधिकारियों से अनुमति लेना जरूरी है। भारतीय विस्फोटक नियमावली, 1983 के प्रावधान के अनुसार जिले में कोई भी पटाखा का दुकान बिना अनुज्ञप्ति के नहीं चलाई जाएगी।
दीपावली त्योहर को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति संवेदनशील स्थानों पर की गई है। जिले में 37 स्थानों पर पुलिस तथा दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। नगर के संवेदनशील स्थानों जैसे-काको मोड़, अरवल मोड़, राजा बाजार, अस्पताल मोड़, कचहरी मोड़, थाना मोड़, मलहचक, सट्टी मोड़ इत्यादि स्थानों पर विशेष गस्ती के लिए दंडाधिकारियों के नेतृत्व में प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त जिला नियंत्रण कक्ष का निर्माण किया गया है जिसका दूरभाष संख्या- 06114 - 223013 है। नियंत्रण कक्ष में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति 26 से 27 अक्टूबर तक के लिए की गई है। सात सुरक्षित दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति जिला नियंत्रण कक्ष में की गई है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को दीपावली त्योहार के अवसर पर निर्धारित तिथि एवं समय पर मूर्ति का विसर्जन कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जुलूस एवं पूजा पंडाल के लिए पूर्व से हीं अनुज्ञप्ति देने की कार्रवाई थानाध्यक्ष करेंगे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अनुज्ञप्ति में दिए गए रूट के अनुसार हीं मूर्ति विसर्जन किया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में मनमाने तरीके से अन्य रास्तों से मूर्ति विसर्जन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता कुमारी, भू-अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश,सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी,अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।