जहानाबाद में सौतन की नुकीला हथियार गोदकर की हत्या फिर तेल छिड़क कर लगा दी आग
जहानाबाद में में छोटी सौतन ने बड़ी की नुकीले हथियार से वारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए उसने शव को आग लगा दी। मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पटना, जेएनएन। अरवल जिले के वंशी थाना क्षेत्र के अनुआ गांव के बधार में बुधवार की रात छोटी सौतन ने बड़ी की नुकीला हथियार गोदकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए उसके शरीर पर किरासन तेल छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस ने गुरुवार की सुबह गांव के बधार से उसके अधजले शव की बरामदगी की है। मृतका की पहचान कुंती देवी के रूप में हुई है। जबकि आरोपित सुनीता देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
युवक ने की थी दो शादी
बताया जाता है कि वीरेंद्र साव के बेटे अरुण की दो शादी हुई थी। पहली शादी सन 2008 में औरंगाबाद जिले के खुदवां थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की कुंती देवी के साथ हुई थी। जिससे उसे एक बेटी है। वहीं दूसरी शादी पटना जिले के खीरी मोड़ थाना क्षेत्र के तारनपुर गांव की सुनीता देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद से दोनों के बीच अनबन होती रहती थी।
नुकीला हथियार गोदा फिर शव को जलाया
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को पहली पत्नी कुंती को दूसरी पत्नी सुनीता खेत में लकड़ी चुनने की बात कहकर ले गई। जहां सुनीता ने कुंती के पेट में नुकीला हथियार गोद दिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए सुनीता ने कुंती के शव पर किरासन तेल छिड़कर आग लगा दी और फरार हो गई।
आरोपित महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कुंती के घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। जहां गुरुवार को सुबह अनुआ गांव में एक महिला का अधजला शव मिलने की सूचना मिली। परिवार के लोग पहुंचे तो पहचान कुंती के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या करने की आरोपित सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया है। इधर, कुंती की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।