बच्चों के विवाद में साले ने की जीजा की हत्या
प्रखंड मुख्यालय स्थित लालाटोली में बुधवार की रात मामूली विवाद को लेकर साले ने चाकू गोदकर जीजा की हत्या कर दी।
जहानाबाद। प्रखंड मुख्यालय स्थित लालाटोली में बुधवार की रात मामूली विवाद को लेकर साले ने चाकू गोदकर जीजा की हत्या कर दी। इस घटना के कारण मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने साले की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। साले की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष संजय शंकर वहां पहुंचे और उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेजा। इस सिलसिले में मृतक की पत्नी पार्वती देवी ने अपने भाई पवन कुमार तथा भाभी बिक्षी देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिक्षी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पवन तथा उसका जीजा मृतक नीरज लाल 15 साल से उस ़मोहल्ले में रह रहा था। दोनों फल की दुकान चलाते था।
जानकारी के मुताबिक वे दोनों झारखंड के चतरा के रहने वाले थे। बताया जाता है कि नीर ने अपने साले को 18 हजार रुपये कर्ज के रूप में दिया था। तंगी की वजह से वह अपने साले से पैसे की मांग कर रहा था। इस बात को लेकर तकरीबन एक सप्ताह से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार को दिन में दोनों के बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था। इस बात को लेकर रात्रि में इन दोनो के बीच भी विवाद हो गया था। हालांकि आसपास के लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था और सभी लोग सोने चले गए थे। इसी बीच पवन अपने हाथ में सब्जी काटने वाला चाकू लिया तथा जीजा नीरज के शरीर पर प्रहार कर दिया। उसके शरीर से काफी खून निकल गया जिसके कारण घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि बिक्षी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि पवन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।