श्री बाबू जयंती समारोह में होगी लोगों की बड़ी भागीदारी : अखिलेश
पटना के मिलर हाई स्कूल के मैदान मे 21 अक्टूबर को प्रस्तावित श्री कृष्ण जयंती समारोह को सफल बनाए जाने के उद्देश्य से रविवार को यहां आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ श्री कृष्ण सिंह जयंती समारोह में यहां के लोगों की बड़ी भागीदारी रही है।
जहानाबाद : पटना के मिलर हाई स्कूल के मैदान मे 21 अक्टूबर को प्रस्तावित श्री कृष्ण जयंती समारोह को सफल बनाए जाने के उद्देश्य से रविवार को यहां आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ श्री कृष्ण सिंह जयंती समारोह में यहां के लोगों की बड़ी भागीदारी रही है। उन्हें पूरा विश्वास है कि इस साल भी बड़ी संख्या में लोग इस समारोह में शामिल होने के लिए पटना जाएंगे। नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद रितेश कुमार उर्फ चुन्नु शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में डॉ सिंह ने कहा कि अल्प समय में यहां के लोगों को इस तैयारी के सिलसिले मे उनके आने की जानकारी दी गई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग यहां मौजूद हुए। उन्होंने कहा कि बिहार केशरी डॉ श्री कृष्ण सिंह द्वारा बिहार के विकास के लिए ढेर सारे कार्य किए गए है। उन्होंने कहा कि आज समाज में द्वेष की भावना कायम की जाती है। लेकिन श्री बाबू ने महादलित परिवार के लोगों को मंदिर में प्रवेश कराया था। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा प्रत्येक वर्ष समारोह का आयोजन कर उन्हें याद किया जाता है। उनका कहना था कि अपने पूरखो को याद करना गौरव की बात है। इस मौके पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में चुन्नू शर्मा ने कहा कि इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग समारोह में भाग लेने के लिए पटना जाएंगे। इस मौके पर जिप के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह टुन्नू, पूर्व विधायक जर्नादन शर्मा, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरिनारायण द्विवेदी, पूर्व वार्ड पार्षद देवेंद्र शर्मा, वार्ड पार्षद नवल शर्मा तथा निरज कुमार के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।