जहानाबाद से ही चुनाव लड़ेंगे सांसद डॉ. अरूण कुमार
जहानाबाद। स्थानीय सांसद डॉ अरूण कुमार नवादा संसदीय क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि वे जहानाबाद से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
जहानाबाद। स्थानीय सांसद डॉ अरूण कुमार नवादा संसदीय क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि वे जहानाबाद से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इस बात की घोषणा रविवार को उन्होंने अपने पैतृक गांव मनियावां में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए की। सांसद ने कहा कि यहां के लोगों ने मुझे काफी प्यार दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीने से उनके ही लोगों द्वारा सरकार के साथ मिलकर उन्हें बेधने की तैयारी की जा रही थी। वे इस विवाद में पड़ना नहीं चाह रहे थे। यही कारण है कि उन्होंने नवादा से चुनाव लड़ने का फैसला लिया था। वहां एक महीने से उनके समर्थकों द्वारा तैयारी भी की जा रही थी। 25 मार्च को नामांकन करना था। सांसद ने कहा कि नामांकन करने के पहले वे अपने गांव में कुलदेवता की पूजा करने आए थे। यहां आने के क्रम में जहानाबाद में बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने इस क्षेत्र से ही उन्हें चुनाव लड़ने के लिए विवश कर दिया। उनलोगों के इमोशन को देखते हुए वे भी भावुक हो गए और इस क्षेत्र से ही चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि वे यहां से बिहार केशरी डॉ श्रीकृष्ण सिंह की जन्म स्थली खनमा जा रहे थे और वहां से नवादा में रात्रि विश्राम करने वाले थे। उन्होंने कहा कि नवादा के साथियों ने एक महीने तक उनके लिए जो प्रयास किया वे उनलोगों के क्षमाप्रार्थी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर बिहार को चौपट करने का आरोप लगाया। डॉ कुमार ने कहा कि उनके द्वारा महागठबंधन के लोगों से भी टिकट के लिए प्रयास किया गया था लेकिन वहां भी उनके विरोधियों को सक्रिय रहने के कारण इसमें सफलता नहीं मिल सकी।