कसवां के सात किसानों के खलिहान में आग से लाखों की संपति खाक
परसबिगहा थाना क्षेत्र के कसवां गांव में शनिवार को सात किसानों के खलिहान में आग लग गई। मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इसमें सात किसानों की फसल नष्ट हो गई। लाखों का नुकसान हुआ है।
संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर, जहानाबाद
परसबिगहा थाना क्षेत्र के कसवां गांव में शनिवार को सात किसानों के खलिहान में आग लग गई। मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इसमें सात किसानों की फसल नष्ट हो गई। लाखों का नुकसान हुआ है।
बताया जाता है कि गांव के समीप अवस्थित खलिहान से आग की लपटें निकलते देख किसान दौड़ पड़े। लोगों ने अपने-अपने तरीके से आग पर काबू पाना शुरू किया। किसी के हाथ में बाल्टी थे तो किसी ने पंप सेट चालू कर दिया। लेकिन पछुआ हवा के कारण उनलेागों को इसमें सफलता नहीं मिली। जब ग्रामीणों को लगा कि वे लोग आगकुझाने में सफल नहीं हो पाएंगे तो उनलोगों ने इसकी जानकारी अग्निशमन दस्ते को दी। चार गाड़ी के साथ अग्निशमन दस्ते के लेाग वहां गए और उनलोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने बताया कि नागेंद्र प्रसाद, रविद्र मिस्त्री, शिव दास, ललन मिस्त्री, शैलेश कुमार, केशु मिस्त्री तथा सुरेश प्रसाद का खलिहान एक ही जगह था। इन खलिहानों में रबी फसल रखा हुआ था। सुरेश प्रसाद का डीजल इंजन भी जल गया। इधर शकुराबाद थाना क्षेत्र के सैदीचक गांव में एक बंसवाड़ी में आग लग गई। वहां ग्रामीणों ने आग बुझाई। हालांकि वहां भी अग्निशमन दस्ते की गाड़ी गई लेकिन घटना स्थल तक नहीं पहुंच पाई।