गड्ढों वाली सड़कों से मिलेगी राहत, जहानाबाद में 303 किमी सड़कें होंगी दुरुस्त; खर्च होंगे 250 करोड़
जहानाबाद में पथ निर्माण विभाग 250 करोड़ रुपये की लागत से 303 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और रखरखाव करेगा। इस ...और पढ़ें

जहानाबाद में सड़कों की सूरत संवारेगा पथ निर्माण विभाग।
HighLights
जहानाबाद में 303 किलोमीटर सड़कों का होगा सुधार।
250 करोड़ रुपये की लागत से होगा कार्य।
एजेंसी सात साल तक करेगी सड़कों का रखरखाव।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जिले में पथ निर्माण विभाग की सड़कों की स्थिति जल्द ही बेहतर होने की उम्मीद है। सड़कों की मरम्मत, रखरखाव को लेकर विभागीय स्तर पर व्यापक प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है।
इसके तहत जिले में पथ निर्माण विभाग के अधीन आने वाली करीब 303 किलोमीटर सड़कों को बेहतर बनाने की योजना है। इस पूरे कार्य पर लगभग 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है।
प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निविदा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद चयनित निर्माण एजेंसी के माध्यम से सड़क सुधार का काम धरातल पर शुरू होगा।
सात साल तक एजेंसी करेगी सड़क की देखभाल
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार सड़क निर्माण और मरम्मत के साथ-साथ लंबे समय तक बेहतर रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसके लिए जिस निर्माण एजेंसी को काम सौंपा जाएगा, उसे सिर्फ सड़क बनाने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि करीब सात वर्षों तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
इससे सड़क निर्माण के बाद उसके रखरखाव की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। वर्तमान में जिले की कई प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे उभर आए हैं।
बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कई स्थानों पर सड़क की सतह भी खराब हो गई है। ऐसे में सड़क की नियमित मरम्मत और रखरखाव की जरूरत महसूस की जा रही थी।
नई योजना के लागू होने के बाद इन समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही भविष्य में सड़क खराब नहीं हो, इसके लिए नियमित रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
सात साल तक एजेंसी की जिम्मेदारी तय होने से विभाग को सड़क की गुणवत्ता पर निगरानी रखने में भी सहूलियत होगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
सड़क के बेहतर रखरखाव और मरम्मत को लेकर आवश्यक प्रस्ताव भेजा गया है। करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से जिले में पथ निर्माण विभाग के अधीन आने वाली 303 किलोमीटर सड़कों को दुरुस्त करने की योजना है। प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निविदा की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद चयनित एजेंसी को कार्य सौंपकर सड़क सुधार का काम तेजी से कराया जाएगा।
प्रतीक कुमार, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग
