विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2 पत्नियों के साथ 4-4 दिन रहता था राजू, अब तीसरी महिला के साथ हुआ फरार; जहानाबाद की 'अजब-गजब' प्रेम कहानी

Published: Sat, 05 Sep 2026 12:22 PM (IST)

जहानाबाद में एक व्यक्ति अपनी दो पत्नियों और चार बच्चों को छोड़कर तीसरी महिला के साथ फरार हो गया है। ...और पढ़ें

न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंचीं दोनों पत्नी। जागरण

न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंचीं दोनों पत्नी। जागरण

HighLights

  1. पति दो पत्नियों और चार बच्चों को छोड़ भागा।

  2. तीसरी महिला जूली के साथ हरियाणा गया राजू लाल।

  3. पीड़ित पत्नियों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर जहानाबाद में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति अपनी दो पत्नियों और चार बच्चों को छोड़कर तीसरी महिला के साथ फरार हो गया।

पति के अचानक लापता होने के बाद दोनों पत्नियां न्याय की गुहार लेकर सदर थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने पुलिस से पति को खोजने और उन्हें व उनके बच्चों को न्याय दिलाने की मांग की है।

मामला सदर थाना क्षेत्र के मलहचक मोड़ स्थित पानी टंकी इलाके का है। पीड़िता रिंकू देवी ने बताया कि 15 वर्ष पहले उसकी शादी शकुराबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले राजू लाल से हुई थी।

15 साल पूर्व हुई थी पहली शादी 

शादी के बाद दोनों के दो बेटे हुए। राजू लाल होटल में काम करता था। इसी दौरान होटल में काम करने वाली खुशबू नामक महिला से उसका प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।

इसकी जानकारी मिलने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। रिंकू देवी के अनुसार, बाद में उसकी सहमति से आठ वर्ष पहले राजू लाल ने खुशबू देवी से भी शादी कर ली।

इसके बाद दोनों पत्नियां एक साथ रहने लगीं। खुशबू से भी राजू लाल की दो बेटियां हुईं। इस तरह राजू लाल पर दोनों पत्नियों और चार बच्चों की जिम्मेदारी थी।

होटल में काम करने के दौरान की दूसरी शादी 

दोनों महिलाओं का कहना है कि राजू लाल मलहचक पानी टंकी के पास किराए के मकान में दोनों को रखता था। वह बारी-बारी से चार-चार दिन दोनों पत्नियों के साथ रहता था।

इसी दौरान उसका होटल में काम करने वाली जूली नामक महिला से संपर्क बढ़ गया। मोबाइल पर बातचीत को लेकर घर में विवाद भी होने लगा था। बुधवार को होटल में काम करने के दौरान राजू लाल अचानक लापता हो गया।

अब तीसरी के साथ हरियाणा गया राजू लाल 

दोनों पत्नियों का आरोप है कि वह जूली के साथ हरियाणा चला गया है। पति की तलाश में दोनों महिलाएं जूली के जोलबीघा स्थित घर भी पहुंचीं।

वहां उसके स्वजन से पूछताछ करने पर बताया गया कि जूली के पहले से दो बच्चे हैं और वह राजू लाल के साथ हरियाणा चली गई है। पति के अचानक चले जाने से दोनों पत्नियां और चारों बच्चे परेशान हैं।

महिलाओं का कहना है कि उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। रोते हुए दोनों ने पुलिस से राजू लाल को जल्द खोजने तथा उनके और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कार्रवाई की मांग की है।