बिहार के होटल में 20 हजार की डील... जैसे ही जेई ने रकम थामी, निगरानी टीम ने दबोच लिया
जहानाबाद में मनरेगा योजना के काम के सत्यापन के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत लेते कनीय अभियंता अमन कुमार को ...और पढ़ें
HighLights
मनरेगा जेई अमन कुमार 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।
निगरानी टीम ने होटल में रंगेहाथ दबोचा।
रोजगार सेवक की शिकायत पर हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। मनरेगा योजना के काम के सत्यापन के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत लेना सदर प्रखंड में तैनात कनीय अभियंता अमन कुमार को भारी पड़ गया। निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के अंबेडकर चौक के समीप एक होटल में उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई रोजगार सेवक अशोक कुमार की शिकायत पर हुई। गिरफ्तारी के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया।
काम के सत्यापन के लिए मांगे थे 20 हजार
जानकारी के अनुसार, जामुक पंचायत में मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्यों के सत्यापन के एवज में जेई ने रोजगार सेवक से 20 हजार रुपये की मांग की थी।
रिश्वत की मांग से परेशान रोजगार सेवक ने निगरानी विभाग से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर जेई को पकड़ने की पूरी रणनीति तैयार की गई।
होटल में तय हुई मुलाकात, पहले से बिछा था जाल
तय योजना के अनुसार मंगलवार को रिश्वत की रकम देने के लिए होटल में मुलाकात तय हुई। अमन कुमार निर्धारित स्थान पर पहुंचे और रोजगार सेवक से 20 हजार रुपये लिए।
जैसे ही उन्होंने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से घात लगाए निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें दबोच लिया। अचानक हुई कार्रवाई से होटल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ, अब खुलेंगे और राज?
जेई को गिरफ्तार करने के बाद निगरानी विभाग की टीम अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ की जा रही है। विभाग आरोपित के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहा है।
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रिश्वत मांगने और लेने के इस मामले में जेई के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
‘किसी और की भूमिका मिली तो होगी कार्रवाई’
निगरानी विभाग के डीएसपी हासिद इकबाल मेहंदी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद मनरेगा से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों में भी हलचल तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें- बक्सर के प्रधान डाकघर में CBI का छापा, तीन लोगों को नगर थाने में ले जाकर हो रही पूछताछ
