जहानाबाद की 33 वार्डों की सड़कें होंगी रोशन, 7.17 करोड़ से लगेंगी 8000 LED स्ट्रीट लाइटें
जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र में जल्द ही 8000 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिस पर करीब 7.17 करोड़ रुपये खर्च ...और पढ़ें

जहानाबाद की सड़कों पर रहेगी रोशनी। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
जहानाबाद में 8000 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगेंगी।
परियोजना पर करीब 7.17 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शहर में रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था सुधरेगी।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र की सड़कें और गलियां जल्द ही एलईडी स्ट्रीट लाइटों से रोशन होंगी।
नगर परिषद ने शहर के सभी 33 वार्डों में 8000 स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना तैयार की है। इस पर करीब सात करोड़ 17 लाख 66 हजार 991 रुपये खर्च किए जाएंगे।
योजना के तहत आठ एजेंसियों का चयन कर टेंडर आवंटित किया जा चुका है। तकनीकी मंजूरी मिलते ही चयनित एजेंसियां अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में काम शुरू करेंगी।
चार हिस्सों में बांटा गया बजट
स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए शहर के 33 वार्डों को चार हिस्सों में बांटकर राशि का प्रविधान किया गया है। वार्ड संख्या एक से सात तक एक करोड़ 81 लाख पांच हजार 25 रुपये खर्च होंगे।
इसी तरह वार्ड आठ से 17 तक एक करोड़ 93 लाख 10 हजार 165 रुपये, वार्ड 18 से 29 तक एक करोड़ 84 लाख 64 हजार 645 रुपये तथा वार्ड 30 से 33 तक एक करोड़ 58 लाख 87 हजार 162 रुपये खर्च किए जाएंगे।
रोशनी के साथ सुरक्षा भी होगी मजबूत
एलईडी स्ट्रीट लाइट लगने से शहर की मुख्य सड़कों, चौराहों और गलियों में रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी। रात में आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
साथ ही अंधेरे का फायदा उठाकर होने वाली चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
एलईडी लाइटों से बिजली की खपत कम होने की भी संभावना है। टेंडर की शर्तों के अनुसार संबंधित एजेंसियों को निर्धारित अवधि तक स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
खराब लाइटों को समय पर दुरुस्त करना एजेंसियों के लिए अनिवार्य होगा। काम की गुणवत्ता और समयबद्धता की निगरानी नगर परिषद के अभियंता की टीम करेगी।
