जहानाबाद में मोरहर नदी की तेज धारा में 3 मजदूर बहे, दो ने बचाई जान; एक लापता की हो रही तलाश
जहानाबाद की मोरहर नदी में तीन मजदूर तेज धारा में बह गए, जिनमें से एक लापता है जबकि दो सुरक्षित ...और पढ़ें

मजदूर के बहने की सूचना पर पहुंची पुलिस। जागरण
संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर (जहानाबाद)। सदर प्रखंड के लरसा पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव के तीन मजदूर मंगलवार की रात महाल के समीप मोरहर नदी पार करने के दौरान तेज धारा में बह गए।
हादसे में दो मजदूर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि एक मजदूर नदी में डूबने के बाद से लापता है। लापता मजदूर की पहचान गोपालपुर गांव निवासी राजीव कुमार के रूप में हुई है।
वहीं सोहन कुमार और अरुण कुमार किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। ग्रामीणों के अनुसार, तीनों मजदूर मजदूरी करने के लिए धाना डिहरी गए थे।
मजदूरी कर लौटते समय हुआ हादसा
मंगलवार को मजदूरी करने के बाद लौटने में उन्हें रात हो गई। इसी दौरान मोरहर नदी में पानी का जलस्तर बढ़ गया था। बताया जाता है कि नदी में पानी बढ़ने के कारण स्लुइस गेट खोल दिया गया था।
इससे नदी में पानी का बहाव काफी तेज हो गया था। रात के अंधेरे में नदी पार करने के दौरान तीनों मजदूर तेज धारा की चपेट में आ गए और पानी में बह गए।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने रात में ही नदी के आसपास राजीव कुमार की खोजबीन शुरू कर दी। हालांकि अंधेरा अधिक होने और नदी में तेज बहाव के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।
बुधवार सुबह भी ग्रामीण घटनास्थल के आसपास लापता मजदूर की तलाश में जुटे रहे। इधर, घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
लापता मजदूर की हो रही तलाश
परस बीघा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे हुई है ग्रामीण तैराक संजीव को खोजने में लगा हुआ है। थानाध्यक्ष सर्वनारायण ने बताया कि लापता मजदूर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है।
टीम के पहुंचने के बाद नदी में व्यापक स्तर पर खोजबीन की जाएगी। घटना के बाद गोपालपुर गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
