विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्कूल निरीक्षण के दौरान छात्राओं संग बास्केटबॉल खेलने लगीं जहानाबाद DM, दिया खास संदेश

Published: Sat, 22 Aug 2026 08:45 AM (IST)

जहानाबाद की डीएम छिरिड़ वाई भूटिया ने काजीसराय के उत्क्रमित उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के साथ बास्केटबॉल ...और पढ़ें

HighLights

  1. डीएम छिरिड़ वाई भूटिया ने छात्राओं संग खेला बास्केटबॉल।

  2. पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी दिनचर्या में शामिल करने को कहा।

  3. विद्यालय की स्मार्ट क्लास और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। आमतौर पर जिलाधिकारी को फाइलों, बैठकों और प्रशासनिक निर्देशों के बीच व्यस्त देखा जाता है। 

लेकिन जहानाबाद के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, काजीसराय में शनिवार को डीएम का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला।

विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया सीधे खेल मैदान में पहुंच गईं और छात्राओं के साथ बास्केटबॉल खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया।

डीएम को अपने बीच खेलते देख छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। उन्होंने छात्राओं के साथ बास्केटबॉल खेलते हुए पासिंग, कोर्ट पोजीशनिंग और खेल की अन्य बुनियादी तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

डीएम ने कहा- खेल से बनता है आत्मविश्वास और नेतृत्व

छात्राओं से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बेहद जरूरी है। नियमित खेल गतिविधियों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है।

इसके साथ ही अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया और विद्यालय में उपलब्ध खेल सुविधाओं के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।

स्मार्ट क्लास से लेकर साफ-सफाई तक का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, स्मार्ट क्लास, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और खेल सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों और शिक्षकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

स्मार्ट क्लास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिजिटल माध्यम से संचालित शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिया कि स्मार्ट क्लास का नियमित और प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अधिकतम लाभ मिल सके।

काजीसराय स्कूल में डीएम का यह अंदाज विद्यार्थियों के बीच चर्चा का विषय रहा। प्रशासनिक निरीक्षण के साथ खेल मैदान में उतरकर उन्होंने बच्चों को यह संदेश भी दिया कि बेहतर शिक्षा में किताबों के साथ खेल का मैदान भी उतना ही महत्वपूर्ण है।