खुद की रक्षा को हथियार रखें बिहार की बेटियां
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मंगलवार को यहां कहा कि इस प्रदेश में विधि व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। जिस प्रकार बेटियों की अस्मत लूटी जा रही है उसे खुद की रक्षा के लिए हथियार रखने की जरूरत है।
जहानाबाद । पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मंगलवार को यहां कहा कि इस प्रदेश में विधि व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। जिस प्रकार बेटियों की अस्मत लूटी जा रही है उसे खुद की रक्षा के लिए हथियार रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में महिलाओं तथा बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। बालिका सुधार गृह में जो कुकृत्य हुआ उससे पूरा प्रदेश शर्मसार हो गया। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर न्यायिक देखरेख में मुजफ्फरपुर की घटना की जांच कराई जा रही है। यदि न्यायालय का हस्तक्षेप नहीं होता तो सरकार ऐसा नहीं करती। उन्होंने आरक्षण का समर्थन करते हुए कहा कि इसका विरोध उचित नहीं है। आरक्षण में आर्थिक व्यवस्था होनी चाहिए और इसका लाभ सवर्ण गरीबों को भी मिलनी चाहिए। उन्होंने आरक्षण की समीक्षा का समर्थन करते हुए कहा कि समीक्षा से यह स्पष्ट हो जाता है कि इसका उपयोग सही हो रहा है या गलत। समीक्षा का मतलब यह नहीं होता है कि आरक्षण गलत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आरक्षण की बैरियर को तोड़े और विधानसभाओं से पारित कराए। उन्होंने कहा कि इस देश में यदि समान शिक्षा की पद्धति लागू रहती तो आरक्षण की जरूरत ही नहीं होती। यदि छोटे और बड़े लोगों के बच्चे एक विद्यालय में पढ़ते तो आरक्षण की आवश्यकता नहीं होती। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सदर प्रखंड के किनारी गांव में आयोजित समारोह में जाने के क्रम में मांझी यहां रूके थे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण गौ के साथ ही दूध-दही के प्रेमी थे। वे उसे बाहर नहीं भेजना चाहते थे। लेकिन सरकार उसका अनुपालन नहीं कर पा रही है। रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की चर्चा करते हुए मांझी ने कहा कि वे दो नाव की सवारी कर रहे हैं। एक तरफ भाजपा को ब्लैकमेल कर रहे हैं तो महागठबंधन को यह बताने में लगे हैं कि आपको हमारे आने का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वे यह मानते हैं कि महागठबंधन को रामविलास पासवान के बजाय उपेंद्र कुशवाहा के आने का लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि किस दल से गठबंधन होगा यह कोर कमेटी ही तय करेगी। इसके बारे में वे खुद नहीं कह सकते हैं। इस मौके पर विधायक कुमार कृष्णमोहन उर्फ सुदय यादव, हम सेक्यूलर के राष्ट्रीय महासचिव डॉ विरेंद्र कुमार ¨सह आदि लोग भी मौजूद थे।