फ्लैग मार्च निकाल दिया गया शांति का संदेश
जहानाबाद। रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने अपने अधिकारियों के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला।
जहानाबाद। रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने अपने अधिकारियों के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला। डिप्टी कमांडेंट राकेश कुमार के नेतृत्व में नगर थाना से निकाले गए फ्लैग मार्च में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभात भूषण श्रीवास्तव, डीएसपी संजीव कुमार सिंह, अमन कुमार, दंडाधिकारी राजेंद्र प्रसाद, डिप्टी कमांडेंट अनामी शरण, अमरकांत कुमार के साथ ही बड़ी संख्या में जवान शामिल थे। फ्लैग मार्च में शामिल जवानों ने पैदल मार्च करते हुए उंटा मोड़, मलहचक, फिदा हुसैन रोड होते हुए एरोड्रम, पंचमहला, कच्ची मस्जिद, गांधी नगर चौक समेत शहर के प्रमुख मार्गों, गलियों एवं बाजारों का भ्रमण किया। इस दौरान रैफ के अधिकारियों ने बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स तथा अन्य बलों के द्वारा शहर में पूर्ण रूप से शांति व्यवस्था कायम कर दी गई है। लोगों को सुरक्षा के प्रति निर्भिक रहने का संदेश देते हुए अधिकारियों ने कहा कि अब शहर में सामान्य स्थिति कायम हो गई है। इसके लिए रैफ और पुलिस के जवानों द्वारा अथक प्रयास किए गए। उपकमांडेंट ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी के बहकावे में नहीं आएं। प्रशासन के प्रति भरोसा रखें। हमलोग आपलोगों की सुरक्षा में हमेशा तत्पर हैं।