भूकंपरोधी मकान से धन जन का होगा काफी कम नुकसान
जहानाबाद। जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में शुक्रवार से राजमिस्त्रियों का प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया। इस प्रशिक्षण के दौरान उनलोगों को भूकंपरोधी मकान बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जहानाबाद। जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में शुक्रवार से राजमिस्त्रियों का प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया। इस प्रशिक्षण के दौरान उनलोगों को भूकंपरोधी मकान बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सभी प्रखंडों में 30-30 मिस्त्रियों को प्रशिक्षित किए जाने की योजना है। इसके तहत पहले दिन समारोह आयोजित कर सभी प्रखंड मुख्यालय में प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत वे लोग तो भूकंपरोधी मकान बनाएंगे ही। अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। आपदा प्रबंधन के द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में मिस्त्रियों को कई आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। सदर प्रखंड में आयोजित समारोह में एडीएम रमेश कुमार झा ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर मिस्त्री भूकंपरोधी मकान बनाएंगे जिससे भूकंप आने की स्थिति में धन जन का काफी कम नुकसान होगा। हुलासगंज में आयोजित समारोह में अंचलाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि सही तरीके से मिस्त्री इस प्रशिक्षण मे बताएं गए बातों को ग्रहण करें। इधर काको प्रखंड कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष हरिलाल प्रसाद यादव, प्रखंड प्रमुख उमेश प्रसाद तथा अंचलाधिकारी किशुनदयाल राय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि आपदा से बचाव के लिए सभी को जागरुक होना जरुरी है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि को इसके लिए बड़ी भूमिका निभानी है। यह प्रशिक्षण 11 अक्टूबर तक चलेगा।