लीड: कल्याण विभाग के अधिकारियों व कर्मियों ने निकाली जागरूकता रैली
बाल विवाह तथा दहेज उन्मूलन को लेकर मानव श्रृंखला बनाने का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है
बाल विवाह तथा दहेज उन्मूलन को लेकर मानव श्रृंखला बनाने का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है इसके लिए आमजनों को जागरूक किए जाने का कार्य तेज होता जा रहा है। एक ओर जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ही प्रबुद्ध जनों द्वारा बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं स्कूली छात्र-छात्राएं भी लोगों को जागरूक करने में जुट गए हैं। इसी के तहत जिला कल्याण शाखा ने भी बाल विवाह तथा दहेज उन्मूलन को लेकर लोगों को जागरूक करने का अभियान चला रखा है। इस अभियान के तहत रविवार को जिला कल्याण विभाग की ओर से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में कल्याण विभाग के समाहरणालय के अधिकारी व कर्मी तो शामिल हुए ही मोदनगंज तथा रतनी फरीदपुर प्रखंड के भी कल्याण पदाधिकारी के साथ ही जिले के सभी विकास मित्र भी मौजूद थे। जिला कल्याण पदाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली का लोगों पर व्यापक असर देखा जा रहा था। समाहरणालय से जिला कल्याण पदाधिकारी के नेतृत्व में यह रैली निकली और अंबेदकर चौक पर इसका समापन हुआ। रैली में शामिल लोग बाल विवाह तथा दहेज उन्मूलन को लेकर नारे लगा रहे थे। जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि इस पुनित कार्य में कल्याण विभाग भी सहभागी बनने से पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम न सिर्फ जिला मुख्यालय में संचालित किया जाएगा बल्कि विभिन्न प्रखंडों में भी इसी प्रकार की रैली निकालकर लोगों को बाल विवाह तथा दहेज उन्मूलन के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने समाज के तमाम तबके के लोगों से भी आमजनों को इसके लिए जागरूक और प्रेरित करने की अपील की ताकि इस कलंक से समाज को निजात मिल सके और बेटियां अपने को हिन महसूस नहीं करे। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा भी इसके लिए कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 21 जनवरी के मानव श्रृंखला को लेकर तमाम लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने युवाओं को आह्वान करते हुए कहा कि वे लोग अपनी सोच से समाज में वर्षों से चली आ रही इस कुरीतियों को दूर करने का पहल करें। आज युवाओं की सोच समाज को कई क्षेत्रों में नई दिशा प्रदान कर रहा है।