आग लगने से हजारों रुपये की फसल राख
जहानाबाद। मखदुमपुर तथा हुलासगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को आग लग जाने के कारण लाखों रूपए की संपति जलकर खाक हो गई।
जहानाबाद। मखदुमपुर तथा हुलासगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को आग लग जाने के कारण लाखों रूपए की संपति जलकर खाक हो गई। हालांकि इस साल जाड़े के मौसम में भी अगलगी की घटनाएं होती रही है। लेकिन गर्मी के मौसम में इस घटना में अप्रत्याशित वृद्धि हो गई है। कहीं खलिहान तो कहीं खेत में आग लगने के कारण लोगों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। हुलासगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में आग लगने के कारण गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। हजारो रूपए मूल्य की फसल जलकर राख हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कपिल महतो के गेहूं की फसल को हार्वेस्टर से काटा गया था जिसके डांट को जलाने के लिए आग लगाई गई थी। आग की लपटें ईश्वर महतो तथा अनिल प्रसाद के गेहूं की फसल को भी अपने आगोश में ले लिया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक उन खेतों में लगे फसल भी खाक हो गए। इस घटना से आक्रोशित किसानों ने कपिल महतो के साथ मारपीट भी की। इधर टेहटा के कनौली में विद्युत की तार गिर जाने के कारण उदय पाठक के खलिहान में आग लग गई जिससे हजारो रूपए का नेवारी जलकर राख हो गया। हालांकि सूचना पाकर मौके पर पहुंची अग्निशमन दस्ते के लोगों ने आग पर काबू पाया नहीं तो इससे अन्य किसान के फसल भी प्रभावित हो सकते थे। बताया जाता है कि खलिहान के उपर 11 हजार केवीए तार गुजरी थी। तार के नीचे ही नेवारी का पुंज लगा हुआ था। दोपहर में किसी तरह चिगारी खलिहान में गिरी जिसके कारण खलिहान से आग की लपटें निकलने लगी। हालांकि ग्रामीणों द्वारा इसपर काबू पाने का भरपूर प्रयास किया गया लेकिन तेज पछुआ हवा के कारण उनलोगों को इसमें सफलता नहीं मिली। थक हारकर उनलोगों ने अग्निशमन दस्ते के लोगों को इसकी जानकारी दी। दस्ते के लोग पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाए।