ड्यूटी से गायब काउंसलर का कटा दो दिनों का वेतन
जहानाबाद। सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
जहानाबाद। सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एड्स विभाग के काउंसलर ड्यूटी से गायब पाई गई। वहीं परिवार नियोजन के काउंसलिग केंद्र में भी ताला लटका था। इसपर सिविल सर्जन ने एड्स विभाग के काउंसलर का दो दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन के काउंसलर से भी पूछताछ की जाएगी। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान चिकित्सक एवं अन्य कर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। बेड पर मेनु के हिसाब से विस्तर भी लगे थे। सिविल सर्जन ने अस्पताल कर्मियों को विशेष तौर पर साफ-सफाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर लोग अपने स्वास्थ्य लाभ के लिए पहुंचते हैं। उन्हें स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए। इधर उधर गंदगी नहीं फैलाएं। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी सेवाभाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। जो भी मरीज यहां आते हैं उनके साथ मानवीय संवेदना के साथ पेश आएं। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि सिविल सर्जन अपने पदस्थापना के समय से ही सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण करते रहे हैं। हालांकि उनके इस कार्रवाई से अस्पताल के व्यवस्था में काफी सुधार भी आया है।