शहर में छठ घाटों की साफ-सफाई शुरू
जहानाबाद। लोक आस्था के महापर्व को लेकर प्रशासनिक स्तर पर साफ-सफाई का कार्य प्रारंभ हो गया है। आस्था के इस महापर्व में कहीं श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नही हो इसे लेकर नगर परिषद द्वारा विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई है।
जहानाबाद। लोक आस्था के महापर्व को लेकर प्रशासनिक स्तर पर साफ-सफाई का कार्य प्रारंभ हो गया है। आस्था के इस महापर्व में कहीं श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नही हो इसे लेकर नगर परिषद द्वारा विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। नप के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पहले चरण में मंगलवार से दरधा-जमुने संगम घाट पर स्वच्छता अभियान संचालित किया गया है। यहां भगवान भाष्कर को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में अभी से ही साफ-सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि रंग रोगन के साथ छठ घाटों पर सभी व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा शहर के अन्य छठ घाटों को भी साफ-सफाई के साथ-साथ व्यवस्थित तरीके से सुसज्जित किया जाएगा। बताते चलें कि छठ घाटों पर रौशनी की व्यवस्था को लेकर बिजली विभाग के लोग भी सजग है। विभाग के कार्यपालक अभियंता खुद अपनी निगरानी में विद्युत आपूर्ति की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। बताते चलें कि लोक आस्था के इस महापर्व में स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा जाता है। इसे लेकर एक ओर जहां प्रशासनिक महकमा आवश्यक तैयारी करती है तो दूसरी ओर आम लोग भी छठ व्रतियों की सुविधा के लिए अपने-अपने स्तर से साफ-सफाई का कार्य करते हैं। इस त्योहार में लोग श्रमदान देकर अपने आपको सौभाग्यशाली महसूस करते हैं। यही कारण है कि जिन घरों में छठ का त्योहार नही होता है उन घरों के लोग भी साफ-सफाई से लेकर अन्य सभी कार्यों में बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी निभाते हैं। जिला प्रशासन की ओर से जिले में लोक आस्था के इस महापर्व की तैयारी की जा रही है। स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। खतरनाक घाटों को चिन्हित कर वैरिकेटिग की व्यवस्था की जा रही है।