कैंडल मार्च निकाल हत्यारे को गिरफ्तार करने की मांग
डॉ प्रियंका रेड्डी के साथ दुष्कर्म तथा हत्या को लेकर लोगों का आक्रोश थमा ही नही था कि रांची में भी दुष्कर्म की निर्मम घटना घटी।
जहानाबाद । डॉ प्रियंका रेड्डी के साथ दुष्कर्म तथा हत्या को लेकर लोगों का आक्रोश थमा ही नही था कि रांची में भी दुष्कर्म की निर्मम घटना घटी। इस घटना के विरोध में सोमवार की शाम भाकपा माले समर्थकों ने कैंडिल मार्च निकालकर दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की। कैंडिल मार्च में शामिल लोग इस तरह की घटनाओं की पुनर्रावृति रोकने के लिए अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कैंडिल मार्च काको मोड़ पहुंचा जहां सभा का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर पार्टी के जिला सचिव श्रीनिवास शर्मा ने कहा कि पशु चिकित्सक डॉ प्रियंका रेड्डी के साथ दुष्कर्म तथा हत्या दांगी प्रवृति का परिचायक है। उन्होंने कहा कि रांची में कानून की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मानवता को शर्मसार कर रहा है। उन्होंने कहा कि दोषियों को शीघ्र सजा मिलना चाहिए। जस्टिस वर्मा कमेटी की अनुशंसा लागू होनी चाहिए। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। इस दौरान राज्य कमेटी सदस्य रामबली सिंह यादव, श्याम पांडेय, गणेश दास, शिव कुमार बबलू, सतीश चौधरी, हसनैन अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।