विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में 1991 और 2011 की जनगणना से तय होगी पंचायतों की आबादी, आरक्षण रोस्टर की तैयारी तेज

Published: Mon, 24 Aug 2026 04:36 PM (IST)

जहानाबाद में आगामी पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर तैयार करने हेतु पंचायतों की आबादी का आकलन 1991 और 2011 की जनगणना के औसत से किया जाएगा।

वर्ष 2011 व 1991 की जनगणना औसत से तय होगी पंचायतों की आबादी

वर्ष 2011 व 1991 की जनगणना औसत से तय होगी पंचायतों की आबादी

HighLights

  1. पंचायती चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर की तैयारी तेज।

  2. 1991 और 2011 की जनगणना से आबादी का आकलन।

  3. जहानाबाद में पंचायतवार जनसंख्या वृद्धि दर का निर्धारण।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। वर्तमान त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के प्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्ति की ओर है। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव में आरक्षण रोस्टर तैयार करने के लिए पंचायतों की आबादी का नए सिरे से आकलन किया जा रहा है।

पहले 2011 की जनगणना के आधार पर आरक्षण का मापदंड तय करने की तैयारी थी, इसी आधार पर आंकड़ों की एंट्री भी की गई थी। अब 1991 की जनगणना के आंकड़ों को भी पंचायतवार दर्ज किया जा रहा है।

पंचायती राज विभाग के अनुसार, 1991 और 2011 की जनसंख्या के आंकड़ों की तुलना कर दोनों अवधी के बीच हुई वृद्धि दर निकाली जाएगी। इसी वृद्धि दर के औसत के आधार पर वर्तमान समय की अनुमानित आबादी का निर्धारण किया जाएगा।

अनुमानित आबादी के आंकड़े पंचायत, वार्ड और जिला परिषद स्तर पर आरक्षण रोस्टर तैयार करने में आधार बनेंगे। फिलहाल 1991 की जनसंख्या का पूरा विवरण संकलित करने की प्रक्रिया जारी है।

2011 की जनगणना के आधार पर जिले की कुल आबादी 9,90,137

2011 की जनगणना के आधार पर जारी सूची के अनुसार जिले की 88 ग्राम पंचायतों की कुल आबादी 9,90,137 है। इसमें अनुसूचित जाति की आबादी 2,10,509 तथा अनुसूचित जनजाति की आबादी 1,111 है।

प्रखंडवार आंकड़ों पर नजर डालें तो रतनी फरीदपुर प्रखंड की कुल आबादी 1,46,560 है। इसमें अनुसूचित जाति की आबादी 21,464 और अनुसूचित जनजाति की 235 है। सदर प्रखंड की कुल आबादी 1,51,591 है, जिसमें 34,513 अनुसूचित जाति तथा 97 अनुसूचित जनजाति की आबादी दर्ज है।

मखदुमपुर प्रखंड में कुल 2,28,160 आबादी है। इसमें एससी की आबादी 52,470 और एसटी की 287 है। हुलासगंज प्रखंड की कुल आबादी 94,485 है, जिसमें 19,652 एससी तथा 150 एसटी आबादी शामिल है।

घोसी प्रखंड की कुल आबादी 1,08,130 है। इसमें 22,326 एससी और 95 एसटी हैं। मोदनगंज प्रखंड की आबादी 87,718 है, जिसमें 16,543 एससी तथा 61 एसटी दर्ज हैं। वहीं काको प्रखंड की कुल आबादी 1,73,487 है। इसमें 43,541 एससी और 186 एसटी आबादी शामिल है।

1991 की जनगणना के आधार पर 1993 में ग्राम पंचायतों का परिसीमन हुआ था। जिस पर आज भी पंचायती व्यवस्था संचालित है। वर्ष 2011 और 1991 की जनसंख्या के तुलनात्मक अध्ययन से वृद्धि का जो अनुपात सामने आएगा, उससे वर्तमान जनसंख्या का आकलन किया जाएगा, जो पंचायत चुनाव में आरक्षण रोस्टर में सहायक होगा। - सुजीत कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी