संगीत की स्वर लहरियों में पूरी रात गोता लगाते रहे श्रोता
जहानाबाद। दुर्गा पूजा के समापन के उपरांत शकुराबाद बाजार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जहानाबाद। दुर्गा पूजा के समापन के उपरांत शकुराबाद बाजार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में म्यूजिकल ग्रुप पटना, दिल्ली एवं पंजाब से आए कलाकारों ने पूरी रात शमा बांधी। कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार धरम जी के निर्देशन में कलाकारों की प्रस्तुति पूरी रात होती रही। इस दौरान भोजपुरी गीतों का भी जलवा बिखरा। एक ओर कलाकार अपनी स्वर लहरियों से लोगों को आनंदित कर रहे थे वहीं दूसरी ओर इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपना सुध बुध होकर मंत्र मुग्ध थे। इसके पूर्व प्रखंड प्रमुख प्रेमचंद कुमार, अंचलाधिकारी इंद्रदेव पंडित, एएसआई सुशील कुमार तथा भाजपा नेता कृष्णा पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख ने कहा कि इस तरह के आयोजन से आपसी प्रेम बढ़ता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन से आपसी प्रेम तो बढ़ता ही है समाज के हर वर्ग के लोगों में मिल्लत का वातावरण भी कायम होता है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों द्वारा हमेशा इस प्रकार का आयोजन किया जाता है जो स्वागत योग्य है। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार अपने सहयोगियों के साथ व्यवस्था का जायजा लेते रहे।