अरवल में गर्भवती महिला को अस्पताल ले जा रही आशा कार्यकर्ता को ट्रक ने रौंदा, मौत के बाद बवाल
अरवल में राष्ट्रीय राजमार्ग-110 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में आशा कार्यकर्ता किरण देवी की ट्रक की चपेट में आने ...और पढ़ें

आशा कार्यकर्ता को ट्रक ने रौंदा
HighLights
अरवल में आशा कार्यकर्ता किरण देवी की मौत।
राष्ट्रीय राजमार्ग-110 पर ट्रक ने रौंदा महिला को।
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।
जागरण संवाददाता, अरवल। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-110 पर भदासी बाजार के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक महिला बाइक पर सवार होकर अपने बेटे और एक गर्भवती महिला के साथ अरवल की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर पड़ी। उसी समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आशा कार्यकर्ता थी मृतक
मृतक की पहचान पटना जिले के पालीगंज प्रखंड अंतर्गत कोड़िहरा गांव निवासी अमिताभ यादव की 35 वर्षीय पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि किरण देवी आशा कार्यकर्ता थीं और गर्भवती महिला को इलाज के लिए अपने घर से अरवल ले जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। हालांकि बाइक चला रहा युवक सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय दुकानदारों ने सड़क जाम कर दिया और लापरवाह चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा मुआवजे की मांग करने लगे। ग्रामीणों की तत्परता से दुर्घटना में शामिल ट्रक को पकड़ लिया गया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया
सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्वजन से पूरे मामले की जानकारी ली। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराया।
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अरवल भेज दिया गया।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
