388 प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामजदगी का पर्चा
मखदुमपुर तथा रतनी फरीदपुर में नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को 388 प्रत्याशियों ने नामजदगी का पर्चा दाखिल किया।
जहानाबाद। मखदुमपुर तथा रतनी फरीदपुर में नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को 388 प्रत्याशियों ने नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। मखदुमपुर में पैक्स अध्यक्ष के लिए 54 तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए 224 प्रत्याशियों ने नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। निर्वाचन पदाधिकारी-सह- प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल मिस्त्री ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष पद के लिए धराउत में पांच, जमनगंज चार,कलानौर चार सहित 54 लोगों ने अपना नामांकन का फार्म भरा। उधर कुमरडीह से एक प्रत्याशी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। वहीं 224 प्रत्याशियों ने कार्यकारिणी सदस्य के लिए नामांकन का पर्चा दाखिल किया। उन्होंने कहा कि नामांकन के अंतिम दिन परिसर में भीड़ अधिक थी। भीड़ के नियंत्रण करने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। आचार संहिता का सख्ती से पालन किया जा रहा है। किसी प्रत्याशी या उनके समर्थक को आदर्श आचार संहिता के नियम का पालन करना जरुरी है। उन्होंने कहा कि तीन एवं चार दिसंबर को संवीक्षा की जाएगी। उधर रतनी फरीदपुर प्रखंड में 110 प्रत्याशियों ने नामजदगी का पर्चा दाखिल किया है। बीडीओ रामनाथ कुमार ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 25 तथा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 85 प्रत्याशियों ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। अध्यक्ष पद के लिए सेसंबा पंचायत से प्रखंड प्रमुख प्रेमचंद कुमार, सोहरैया से विदेश्वरी यादव, कसवा से ब्रज भूषण शर्मा, लाखापुर से राजीव रंजन कुमार उर्फ मुन्ना, कंसुआ से राम विनय कुमार, शिव बच्चन सिंह, नेहालपुर से सच्चिदानंद सिंह, उचिटा से मधेश्वर शर्मा, वीरेंद्र कुमार, सिकंदरपुर से संजय कुमार,पंडौल से धनंजय कुमार, रजनीश कुमार के अलावा नारायणपुर पंचायत से नितेश कुमार सहित 25 अभ्यर्थियों ने नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। इसी प्रकार कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 85 प्रत्याशियों ने नामांकन का फार्म भरा। अंतिम दिन पैक्स नामांकन को लेकर प्रखंड गुलजार रहा। लोगों की भीड़ से शकूराबाद- कुर्था मार्ग जाम होते रहा। जाम हटाने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।