अंकुरण योजना के लिए चयनित किए गए दो विद्यालय
अंकुरण योजना के तहत अब बच्चों को ताजी सब्जियां व फल दिए जाएंगे। इसके लिए विद्यालय पि
गोपालगंज : अंकुरण योजना के तहत अब बच्चों को ताजी सब्जियां व फल दिए जाएंगे। इसके लिए विद्यालय परिसर में सब्जियां तथा फल उगाए जाएंगे। इस योजना के तहत प्रखंड के दो विद्यालयों को चयनित किया गया है। एमडीएम प्रभारी धर्मवीर प्रसाद ने बताया कि प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भुसांव तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय चितुटोला को अंकुरण योजना के तहत चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि बिहार में छोटे बच्चों तथा किशोरों में एनीमिया एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार लगभग 63 प्रतिशत किशोर तथा बच्चे एनीमिया से ग्रसित हैं। उन्होंने बताया कि न्यूनतम लागत में विद्यालयों में साल भर ताजी सब्जियां और फल की उपलब्धता को लेकर यह योजना शुरू की गई है। विद्यालय परिसर की जमीन पर सब्जियां तथा फल उजाई जाएंगी। जिनका मध्याह्न भोजन में उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों को श्रमदान करने के लिए प्रेरित करने में भी सहयोग मिलेगा। प्रायोगिक रूप से बच्चें सरल कृषि तकनीक सीखेंगे तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकेंगे। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में खाली जमीन का उपयोग बढ़ेगा। सूक्ष्म पोषक तत्वों से युक्त भोजन के सेवन से विद्यालय में बच्चों की क्रियाशीलता बढ़ेगी। विद्यार्थियों की कक्षा उपस्थिति तथा सीखने की क्षमता विकसित होने के साथ ही विद्यालयों में मनोरम वातावरण का निर्माण होगा।